जयपुर में शनिवार रात चलती कार में आग लगने से दहशत फैल गई। रोड किनारे कार रोक ड्राइवर ने बाहर की ओर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सदर व विधायकपुरी थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने आग के दौरान ट्रैफिक को डायवर्ट कर निकाला गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि होने से मना किया है। SHO (सदर) देवेन्द्र प्रताप ने बताया- राजपुताना शेरटन होटल से खासाकोठी की ओर जाते समय रात करीब 10:45 बजे चलती कार में आग लगी थी। चलती कार के बोनट से आग की लपटों को उठता देखकर लोगों में दहशत फैल गई। ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत कार को रोड किनारे रोक दिया। आग लगी कार का गेट खोलकर तुरंत ड्राइवर ने बाहर की ओर कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेकर पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सदर और विधायकपुरी थाना पुलिस आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत आग लगी कार से कुछ दूरी पर ही ट्रैफिक को रोक दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर निकाला। फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से कार पूरी तरह कबाड़ में बदल गई। पुलिस प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि डीजल पाइप लीक होने पर गर्म इंजन के कॉन्टैक्ट में आने से आग लगी है।