भरतपुर के नदबई में शनिवार को थार की टक्कर से बाइक सवार पूरा परिवार खत्म हो गया। हादसे में पति नटवर (35), पत्नी पूजा, बेटी परी (6) और बेटे दीपू (1.5) की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। नटवर की मां शोभा देवी अपने बेटे के कमरे को देखकर बार-बार बेहोश हो रही है। परिजनों ने नटवर के कमरे पर ताला लगा दिया है। पोती परी की किताबें घर के आंगन में खाट पर रखी हुई है। दादी उन किताबों को देखकर बार-बार रो रही है। धनतेरस के मौके पर गांव के 4 लोगों की मौत हो गई। ऐसे में ग्रामीणों ने दीपावली के त्योहार पर घरों के बाहर लगी लाइटिंग और डिजाइनर लड़ियों को उतार लिया गया है। मामला कुम्हेर थाना इलाके का है। गांव से 10 किलोमीटर आगे हादसा
दरअसल, दहवा गांव का रहने वाला नटवर अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ बाइक पर दीपावली का लेने गांव से नदबई जा रहा था। गांव से 10 किलोमीटर आगे सामने से आई तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों गाड़ियों में आग भी लग गई और थार पलटकर सड़क किनारे खेत में गिर गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। शवों को अस्पताल पहुंचाया। शनिवार देर शाम पति-पत्नी और दोनों बच्चों के शव गांव पहुंचे तो घर में चीख-पुकार मच गई। गांववालों की आंखें भी नम थी। पूरे परिवार का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। 17 अक्टूबर को ही घर आया था नटवर
नटवर के पिता दिनेश ने बताया- नटवर गुरुग्राम की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह 17 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार मनाने के लिए घर आया था। शनिवार की सुबह उसने खेत जोता। दोपहर में नटवर ने कहा कि खेत सरसों की खेती करेगा, इसलिए बीज लेने नदबई जा रहा है। बेटा अपनी पत्नी को लेकर ससुराल नेवारा भी जाने वाला था। डेढ़ साल का पोता भी उनके साथ था। इस दौरान पोती भी जिद करने लगी कि उसे दीपावली के लिए पटाखे चाहिए। इस पर वह भी उनके साथ चली गई। गांव से थोड़ी दूर जाते ही हादसा हो गया और चारों की मौत हो गई। थार के ओवर स्पीड होने कारण हुआ हादसा
DSP नदबई अमर सिंह राठौड़ ने कहा- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार चला रहा युवक नरेश (25) निवासी लुहासा गांव ने गाड़ी किराए पर ली थी। थार के तेज रफ्तार में होने के कारण हादसा हुआ। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका आरबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़े-: थार की टक्कर से खत्म हो गया पूरा परिवार:बाइक पर 2 बच्चों के साथ जा रहे थे पति-पत्नी; भिड़ंत के बाद आग लगी भरतपुर में तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और 2 बच्चों की मौत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों गाड़ियों में आग भी लग गई। पूरी खबर पढ़िए
