-कुछ जिलों में सिंगल तो कुछ में डबल नामों का पैनल तैयार-सभी अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेने के बाद अंतिम चयन सूची तैयारहनुमानगढ़. राज्य के 19 जिलों की जिला परिषदों में लोकपाल का पद लंबे समय से रिक्त है। उक्त जिलों में लोकपाल की नियुक्ति को लेकर अब सरकार गंभीर नजर आ रही है। इसके तहत प्रत्येक जिलों के लिए दो-दो अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। इनमें से जल्द एक नाम चयनित कर सरकार इनको नियुक्ति देगी। इस तरह प्रदेश की 19 जिला परिषदों के लिए 38 आवेदकों की सूची तैयार की गई है। कुछ जिलों में सिंगल नाम का पैनल भी बनाया गया है। इसत तरह एक महीने के भीतर सभी तरह की प्रक्रिया पूर्ण करके नियुक्ति देने की बात अधिकारी कह रहे हैं। इससे पूर्व ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने आवेदकों के साक्षात्कार ले लिए हैं। राज्य स्तरीय चयन समिति की ओर से आवेदकों को कुछ दिन पहले साक्षात्कार के लिए बुलाया था। अब उक्त आवेदकों में एक का चयन करके उनको लोकपाल पद पर नियुक्ति देने की प्रक्रिया पूर्ण करने की तैयारी चल रही है। हनुमानगढ़ जिले की बात करें तो यहां पर 15 जून 2024 को लोकपाल का पद रिक्त हो गया था। तब से यह पद खाली ही चल रहा है। नए लोकपाल की नियुक्ति को लेकर प्रथम बार मांगे गए आवेदन की कड़ी में हनुमानगढ़ जिले में 19 ओवदन आए थे। इनमें से 11 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। परंतु किसी कारण से नियुक्ति प्रक्रिया रोककर नए सिरे से आवेदन मांगे गए। इसमें आवेदकों की संख्या करीब दोगुनी हो गई। अब इनमें से दो का चयन करके इनसे साक्षात्कार आदि लेने की प्रक्रिया पूर्ण करके एक अभ्यर्थी को नियुक्ति देने की प्रक्रिया पूर्ण करने की तैयारी अंतिम चरण में है। मनरेगा योजना में चल रहे कार्य की मॉनिटरिंग का प्रमुख कार्य लोकपाल को दिया गया है। इसकी एवज में करीब 45 हजार रुपए मासिक मानदेय दिया जाता है।
