धनतेरस पर घर के बाहर मंदिर में पूजा कर रहे दो लोगों पर आज लेपर्ड ने हमला किया। दोनों घायलों को रात को अस्पताल लेकर आए और उनका इलाज कर रहे थे इस बीच गांव में एक और व्यक्ति पर भी लेपर्ड ने हमला बोल दिया। इस प्रकार तीन जनों पर लेपर्ड ने हमला बोल दिया। इस क्षेत्र में लेपर्ड का मूवमेंट पिछले दिनों से ही बढ़ गया है और आज रात को ही वन विभाग ने वहां पर दो पिंजरे लगाए। घटना आज दोपहर करीब 3 बजे की उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र के नांदेशमा के चलवा चौकी गांव की है। घायलों को रात को गोगुंदा के अस्पताल लेकर आए। चेतन सिंह ने हिम्मत से बचाई जान
नांदेशमा के चलवा चौकी गांव में दोपहर में कालू सिंह राजपूत के घर के बाहर स्थित मंदिर में ओबरा निवासी चेतन सिंह पुत्र डालू सिंह और गजेंद्र सिंह पुत्र कालू सिंह पूजा कर रहे थे। झाड़ियों से निकलकर आए लेपर्ड ने अचानक पीछे से चेतन सिंह पर हमला कर दिया और गले से दबोच लिया। साथ ही पास बैठे गजेंद्र सिंह पर भी जोरदार झपट्टा मारा। चेतन सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए लेपर्ड के जबड़े में हाथ डालकर अपनी जान बचाई। बच्चों की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े जिसके बाद लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया। हमले में दोनों किशोर घायल हो गए जिन्हें परिजन रात को गोगुंदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ पुष्पेंद्र की देखरेख में दोनों का उपचार चल रहा है। गांव में अचानक हुए इस हमले से दहशत का माहौल बन गया है। एक और ग्रामीण पर तेंदुए का हमला
इस बीच रात को ही नांदेशमा के चलावड़ा इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट था और उसने वहां पर रूपलाल पुत्र भंवरलाल गमेती पर भी हमला बोल दिया। रूपालाल को भी रात को गोगुंदा अस्पताल लेकर आए। बाइक सवार पर हमला किया था
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए ने शुक्रवार को भी एक पालतू पशु और एक बाइक सवार पर हमला किया था। शिकायत के बावजूद वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप आज तीन लोगों पर हमले हुए। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में दो पिंजरे लगाए हैं। उल्लेखनीय है कि गोगुंदा ब्लॉक के जंगलों में पिछले साल भी तेंदुए ने कई लोगों पर हमले किए थे, जिसके बाद 18 अक्टूबर 2024 को एक आदमखोर तेंदुए को चार गोलियां मारी गई थीं। संयोगवश, आज 18 अक्टूबर को ही गोगुंदा क्षेत्र में तेंदुए ने तीन लोगों को घायल कर दिया।
इनपुट : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा
