चित्तौड़गढ़ जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर खुद को दबंग बता रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और मण्डफिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल जाट(19) को पकड़ा और उसके कब्जे से वीडियो में इस्तेमाल की गई दो नाली बंदूक भी जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में किसी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। सोशल मीडिया अकाउंट से हुई पहचान
जिला एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, फायरिंग के वीडियो पोस्ट करने और अपराधियों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और भदेसर वृत्ताधिकारी विनोद कुमार लेखरा के निर्देशन में मण्डफिया थाना प्रभारी रविन्द्र सेन के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इस दौरान डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि राहुल जाट नाम का युवक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बंदूक से फायरिंग का वीडियो वायरल कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू की और सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी कर युवक की पहचान कर ली। वीडियो पर एक्शन, हथियार भी बरामद
जांच में सामने आया कि 29 जुलाई को आरोपी ने दो नाली बंदूक से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में डर का माहौल बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पहचान होने पर भगवानपुरा आक्या निवासी राहुल कुमार जाट को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वीडियो में दिखाई गई दो नाली बंदूक भी जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर पैनी नजर
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक, फॉलोअर्स या दबंग छवि बनाने के लिए हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है। ऐसे वीडियो या फोटो न सिर्फ लोगों में डर का माहौल पैदा करते हैं, बल्कि युवाओं में गलत संदेश भी देते हैं, इसलिए पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में मण्डफिया थाना प्रभारी रविन्द्र सेन, एएसआई कालू सिंह, महेंद्र कुमार और डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार, साइबर सेल के एएसआई राजकुमार और कॉन्स्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, रामकेश, देवेंद्र, सुरेश, वीरेंद्र और जगदीश की अहम भूमिका रही।