कोटपूतली में अब क्रय-विक्रय सहकारी समिति से डीएपी और यूरिया खाद खरीदने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। इसे लेकर समिति ने सूचना जारी की है। ये निर्णय संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार) कोटपूतली-बहरोड़ के आदेशों का पालन करते हुए लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य डीएपी और यूरिया उर्वरकों का पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करना है। समिति के मुख्य व्यवस्थापक ने बताया- क्षेत्र के जो भी किसान खाद लेना चाहते हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से अपने आधार कार्ड की फोटो प्रति साथ लानी होगी। समिति प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आधार कार्ड की फोटोकॉपी के किसी भी किसान को डीएपी या यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। ये कदम खाद की कालाबाजारी रोकने और वास्तविक किसानों तक उर्वरक पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।