बीकानेर के पांचू में CMS कंपनी की कैश वैन से 51 लाख रुपए लूट के मामले में पुलिस ने वैन के कस्टोडियन (कैशियर) और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। कैशियर ने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि एसबीआई बैंक से निकाले गए ये 51 लाख रुपए नोखा के ही दो एटीएम में डाले जाने थे। सारूंडा में ICICI बैंक से पैसे लेकर वहां के एटीएम में डालने थे। लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया, जिसके बाद पुलिस को किसी कर्मचारी के शामिल होने पर शक हुआ। वैन सवार सभी कर्मचारियों के डिटेल खंगाले गए तो कैशियर पर शक हुआ, पूछताछ के बाद उसे पकड़ लिया है। तीन साथियों के साथ एक दिन पहले बनाई योजना डीएसपी जरनैल सिंह ने बताया-5 अगस्त को कैश वैन से 51 लाख रुपए की लूट की वारदात हुई थी। मामले में पुलिस ने वैन के कस्टोडियन (कैशियर) विक्रम सिंह (30) निवासी चरकड़ा, नोखा और श्यामसुन्दर (20) निवासी स्वरूपसर, पांचू को गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा दो अन्य साथी अशोक निवासी दावा, नोखा और मनीष निवासी देवगांव, नागौर फरार है। अशोक और मनीष के पास ही लूट की राशि है। डीएसपी ने बताया- मनीष और श्यामसुंदर ने नागौर के एक ही कॉलेज में आईटीआई की थी। विक्रम सिंह भी इन्हीं के साथ रहता था। एक अन्य साथी अशोक के साथ मिलकर इन्होंने 4 अगस्त को नोखा के डूडी स्टेडियम में लूट की योजना बनाई। कैशियर विक्रम ने अपने साथियों को कह दिया था कि आते ही पिस्तौल दिखा देना, उसके बाद में वैन का दरवाजा खोल दूंगा। सीनियर होने का फायदा उठाया, वैन में बैठे साथियों को विश्वास में लिया योजना के अनुसार 5 अगस्त को SBI से 51 लाख रुपए लेने के बाद विक्रम ने सीनियर होने का फायदा उठाकर गाड़ी में सवार साथी कैशियर, गार्ड और ड्राइवर को विश्वास में ले लिया कि पहले सारुंडा के एटीएम में पैसे डाल आते है, बाद में नोखा के एटीएम में पैसे डाल देंगे। इसके बाद विक्रम ने अपने साथियों को फोन से मैसेज भी कर दिया। विक्रम के तीनों साथी पहले है बोलेरो कैंपर लेकर साधुना और सारूंडा गांव के बीच सड़क पर खड़े हो गए। जैसे ही कैश वैन यहां पहुंची बोलेरो कैंपर से पीछा कर साइड से टक्कर मारी और ड्राइवर पर पिस्तौल तान दी। जैसे ही विक्रम के साथ वैन के पीछे आए तो विक्रम ने डर का नाटक कर कैश वैन का पीछे का गेट अंदर से खोल दिया। इसके बाद कैंपर में तीनों लोगों ने वैन के 51 लाख रुपए लूट लिए और फरार हो गए। दोनों आरोपी 7 दिन की पुलिस रिमांड पर दोनों आरोपियों को पुलिस ने 7 दिन की रिमांड पर लिया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगी हुई है। कैश वैन में लगे सीसीटीवी के डीवीआर में कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली है। रिकॉर्डिंग रिकवर करने के लिए एफएसएल को भेजा है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ….. मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… कैशियर-ड्राइवर को पिस्टल दिखाकर कैश वैन से 51 लाख लूटे:बोलेरो कैंपर में आए थे 4 बदमाश, एटीएम में पैसे डालने जा रही थी गाड़ी बीकानेर में बोलेरो कैंपर में आए 4 बदमाशों ने ड्राइवर, कैशियर और गार्ड को पिस्टल दिखाकर CMS कंपनी की कैश वैन से 51 लाख रुपए लूट लिए। (पूरी खबर पढ़ें…)