राजस्थान की 7 यूनिवर्सिटी में कुलगुरु की नियुक्ति की गई है। बीकानेर के खाजूवाला से भाजपा विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की पत्नी डॉ. विमला को कोटा की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में कुलगुरु(वीसी) बनाया गया है। इस संबंध में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को आदेश जारी किए। सातों कुलगुरु की नियुक्ति चार्ज संभालने की तारीख से 3 साल या 70 साल की उम्र पूरी करने तक के लिए की है। वर्तमान में डॉ. विमला बीकानेर के होम साइंस कॉलेज में डीन हैं। होम साइंस कॉलेज में रहते हुए डॉ. विमला की पहचान कुशल प्रशासक और शिक्षाविद के रूप में बनी। वे बीकानेर शहर की कई समाजसेवी संस्थाओं से भी जुड़ी हुई हैं। उनके पति डॉ. विश्वनाथ मेघवाल खाजूवाला से विधायक हैं। डॉ. मेघवाल वसुंधरा सरकार में संसदीय सचिव रह चुके हैं। सात यूनिवर्सिटी में नियुक्त किए वीसी राज्यपाल ने कृषि विश्वविद्यालय कोटा में डॉ. विमला डुंकवाल, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में डॉ. वीरेंद्र सिंह जेतावत, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर में प्रो. पुष्पेंद्र सिंह चौहान, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर में डॉ. प्रताप सिंह, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर में प्रो. पवन कुमार शर्मा, प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर और प्रो. निमित रंजन चौधरी को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में कुलगुरु पद पर नियुक्त किया है। जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी में आठ महीने से पूर्णकालिक वीसी नहीं था जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी जोधपुर में 8 महीने बाद फुलटाइम वीसी की नियुक्ति हुई है। तत्कालीन वीसी डॉ. कन्हैयालाल श्रीवास्तव को 10 फरवरी को पद से हटा दिया था। इसके बाद से पूर्णकालिक वीसी की नियुक्ति नहीं हुई थी। पिछले दिनों MDS यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी, जोधपुर के वीसी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया था। इनके पहले महाराणा प्रताप कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के वीसी डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक के पास अतिरिक्त चार्ज था। डॉ. कर्नाटक का कार्यकाल 15 अक्टूबर को पूरा हो गया था। उदयपुर कृषि यूनिवर्सिटी के वीसी का कार्यकाल खत्म हो गया था
उदयपुर कृषि यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ अजीत कुमार कर्नाटक का कार्यकाल 15 अक्टूबर को खत्म हो गया था। इसके बाद कोटा ओपन यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. बी.एल. वर्मा को महाराणा प्रताप कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में कामचलाऊ व्यवस्था के लिए वीसी लगाया था। अब डॉ. प्रताप सिंह को वीसी नियुक्त किया है। यह खबर भी पढ़िए…. राजस्थान की सात यूनिवर्सिटी में वीसी नियुक्त किए गए:जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी को आठ महीने बाद फुलटाइम वीसी मिला राजस्थान के सात विश्चविद्यालयों में वीसी नियुक्त किए गए हैं। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को अलग अलग आदेश जारी कर सात विश्वविद्यालयों में कुलगुरु नियुक्त किए हैं। पूरी खबर पढ़िए