अलवर में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे 4 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और बिना नंबर की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। वहीं पुलिस ने धारदार चाकू से हमला करने और नकबजनी के अलग-अलग मामलों में वांछित 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम सहित साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई। यूएसडीटी खरीदने-बेचने का झांसा देकर ठगी का आरोपी गिरफ्तार अरावली विहार थाने के थानाधिकारी गुरुदत्त सैनी की टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए यूएसडीटी खरीदने-बेचने का झांसा देकर लोगों से रुपए डलवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी दिव्यांशु (20) पुत्र भारत भूषण निवासी नंगली सर्किल पंचवटी अलवर से पुलिस ने 4 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और बिना नंबर की एक एक्टिवा बरामद की। पुलिस आरोपी से साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है। चाकू से हमला और नकबजनी में वांछित इनामी पकड़ा अरावली विहार थाना पुलिस ने चाकू से हमला करने और नकबजनी के दो अलग-अलग मामलों में वांछित 2-2 हजार रुपए के इनामी आरोपी मिंटू उर्फ माधव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार- आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित कुल 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक- 14 जून की रात देवयानी अस्पताल के पास पोस्ट ऑफिस के सामने एक व्यक्ति खड़ा था। इसी दौरान बाइक से चार बदमाश वहां पहुंचे और व्यक्ति से रुपए मांगने लगे। रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। मामले में अरावली विहार थाने में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी विशाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मिन्टू उर्फ माधव फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार- आरोपी ने 10 जुलाई को अपने साथियों के साथ मिलकर निचला सोनावां की डूंगरी में नकबजनी की वारदात भी की थी। इस मामले में भी उस पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी मिंटू उर्फ माधव (24) पुत्र राजेश कुमार निवासी सोनावां डूंगरी अलवर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।