उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग में पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नागौर के जिले बलवा गांव निवासी हेमाराम जाट(24) पर चौकीदार महिला सुनीता के पति अन्ना सिंह ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मार्बल फिटिंग करने का काम करता था। वो 7 दिन पहले ही गांव से ठेकेदार के साथ उदयपुर आया था। घटना तीतरड़ी के ठाकुर दाता तिराहा पर निर्माणाधीन मकान में रात 10 बजे की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार अन्ना सिंह(23) पुत्र रूप सिंह निवासी रुनारेल- आसीन्द(भीलवाड़ा) को डिटेन कर लिया है। मृतक हेमाराम के भाई कालूराम की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना पर संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति दुख व्यक्त किया है। मृतक हेमाराम टाइल्स और मार्बल का काम करने ठेकेदार धनराज के पास करीब 7 दिन पहले ही उदयपुर में काम के लिए आया था। वही पड़ोसियों ने बताया कि कई लोगों ने मकान मालकिन सपना कंवर उर्फ कैलाश कंवर को पति-पत्नी के बीच रोजाना लड़ाई झगड़े की शिकायत कर उन्हें खाली करवाने की बात कही, लेकिन सपना कंवर ध्यान नहीं दिया। ऑनलाइन एप में डिलीवरी बॉय का काम करता है आरोपी सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि सविना इलाके में एक बिल्डिंग का काम चल रहा है, वही पर बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर चौकीदार का काम करने वाली सुनीता रावत अपने पति अन्ना सिंह रावत के साथ रह रही थी। उसका पति अन्ना सिंह रावत ऑनलाइन एप zepto में डिलीवरी बॉय का काम करता है। जबकि उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में मृतक हेमाराम मार्बल फिटिंग का काम कर रहा था। पत्नी-पत्नी के झगड़े में तीसरा व्यक्ति आना नागवार गुजरा उन्होंने बताया कि अन्ना को इस बात का बुरा लगा कि पति-पत्नी के बीच वो तीसरा व्यक्ति आकर क्यों बात कर रहा है। इसी बात से आरोपी आवेश में आया और चाकू से हमला किया। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी अन्ना सिंह रावत को डिटेन कर लिया गया है। FSL टीम से घटना की बारीकी से जांच कर रिपोर्ट तैयार करवाई है। फिलहाल पूछताछ जारी है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कार्रवाई की मांग इस घटना की जानकारी मिलते ही नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख व्यक्त किया। बेनीवाल ने उदयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से मृतक हेमाराम के परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव पुलिस ने एमबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर हेमाराम का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, डिटेन किए गए आरोपी से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
