धौलपुर जिले के कौलारी और मनियां थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग हादसों में पानी में डूबने से तीन लोगों की जान चली गई। सभी पार्वती नदी से भैंसों को बाहर निकालने के लिए पानी में उतरे थे। पहला हादसा मनियां थाना क्षेत्र के सिंजरौली गांव में हुआ। बरैठा चौकी प्रभारी बदन सिंह के अनुसार, दिनेश (28) पुत्र माता प्रसाद पार्वती नदी में भैंस को निकालने के लिए उतरा था। इस दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और मनियां हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। नदी में पानी की गहराई में जाने से हुआ हादसा दूसरा हादसा कौलारी थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के पास पार्वती नदी में हुआ। कौलारी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ बच्चे और युवक नदी में नहा रही भैंसों को निकालने के लिए पानी में उतरे। इस दौरान अचानक पानी की गहराई में जाने से पांच लोग डूबने लगे। इनमें से तीन बच्चे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन करण (15) पुत्र नरेश और पुष्पेंद्र (18) पुत्र मवासिया लाल डूब गए। बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय बचाव टीम ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया।
