जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से मथुरादास माथुर हॉस्पिटल को ईएनटी वार्ड ए यूनिट तैयार करके सौंपी गई। इसके साथ ही मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए अलग से वेटिंग हॉल् भी बनाकर हॉस्पिटल प्रशासन को सौंपा। 75 लाख की लागत से बने वार्ड और वेटिंग हॉल का लोकार्पण शनिवार को बड़ा रामद्वारा सूरसागर के महंत संत रामप्रसाद महाराज, रामधाम खेड़ापा के संत गोविन्द राम शास्त्री और लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द्र के सानिध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शहर विधायक अतुल भंसाली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ये वार्ड शांति देवी ओझा की याद में तैयार किया गया है। इसके साथ ही सोनी देवी औरचोलाराम परिहार वेटिंग हॉल तैयार किया गया है।
संत बोले- बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा कार्यक्रम के दौरान बड़ा रामद्वारा सूरसागर के महंत संत रामप्रसाद महाराज ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज और उसका परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। ऐसे समय में उन्हें बेहतर सुविधाएं और मानवीय संवेदनाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है। समारोह को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द्र ने कहा कि समाज के भामाशाहों एवं सेवा संगठनों के सहयोग से सरकारी चिकित्सा संस्थानों में लगातार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा अस्पतालों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह ईएनटी वार्ड गंभीर रोगियों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना से किए गए कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं। उन्होंने कहा कि जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट ने चिकित्सा क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह अनुकरणीय है। 11 बेड महिला और 14 बेड पुरुषों के लिए जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट सचिव शिवनारायण मूंदड़ा ने बताया कि रामप्रसाद ओझा, रामकिशोर ओझा, कैलाश ओझा, राकेश ओझा, राजेश ओझा एवं रामदेव ओझा के सहयोग से लगभग 60 लाख रुपए की लागत से शांति देवी ओझा की याद में आधुनिक ईएनटी वार्ड तैयार किया गया है। वार्ड में 11 महिला, 14 पुरुष तथा 3 आइसोलेशन बेड सहित कुल 30 बेड स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त डॉक्टर ड्यूटी रूम, नर्सिंग स्टेशन, आधुनिक शौचालय, वातानुकूलन व्यवस्था, बेड साइड लॉकर, ओवर बेड टेबल, स्टील स्टूल, अलमारियां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सभी बेड पर ऑक्सीजन लाइन की सुविधा भी स्थापित की गई है, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने बताया कि मरीजों के परिजनों को बेहतर सुविधा देने के लिए सोनी देवी और चोलाराम परिहार की ओर से 15 लाख रुपए की लात से वेटिंग हॉल बनाया गया है। इसमें 30 बेंच, विशाल कवर्ड शेड, वाटर कूलर और पंखे लगाए गए है। कार्यक्रम में डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा, एमडीएम अस्पताल सुपरिडेंटेंड डॉ. विक्रम विकास राजपुरोहित, डॉ. दिलीप कच्छवाह, डॉ. सी.आर. चौधरी, डॉ. सुभाष बलारा, डॉ. विकास देव, डॉ. भारती सोलंकी, डॉ. महेंद्र चौहान, डॉ. नवनीत अग्रवाल, डॉ. सागरिका सहित अनेक चिकित्सक एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर.के. ओझा, गजेंद्र सिंघवी, शिवकिशन, शिवनारायण मूंदड़ा, प्रदीप जैन, जेठमल बूब, श्याम बाहेती, माधोसिंह भंडारी, मदन पुगलिया, प्रकाश जीरावला, बाबूलाल लड्डा, श्याम मूंदड़ा, सुरेश राठी, जुगल झंवर, महावीर चौपड़ा, राजेन्द्र, शांतिलाल बालड, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल, देवेन्द्र सालेचा, हस्तीमल सारस्वत, ऊषा वैष्णव सहित बड़ी संख्या में भामाशाह, समाजसेवी, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
