उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने बहुचर्चित हिम्मत सिंह सोलंकी का अपहरण कर हत्या करने वाले अंतिम आरोपी गिरफ्तार किया। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक कर अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने वारदात के बाद से जंगलों में फरारी काट रहे अंतिम आरोपी गोविंद कुमार मीणा को दबोच लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल सभी 14 आरोपियों (1 महिला और 1 बाल अपचारी सहित) को पुलिस पकड़ चुकी है। पिकअप से टक्कर मार किया था अपहरण 22 जून 2026 की शाम हिम्मत सिंह अपनी कार से कैलाशपुरी के पास एक महिला से मिलने गए थे। वहां पहले से घात लगाकर बैठे 8-10 बदमाशों ने बिना नंबर की पिकअप से कार को टक्कर मारी। इसके बाद हमलावरों ने कार के कांच फोड़कर हिम्मत सिंह को घसीटते हुए बाहर निकाला, अधमरा कर पिकअप में फेंका और अपहरण कर ले गए, फिर बेरहमी से हत्या कर दी। 1 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, ससुराल वालों ने रची साजिश पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हिम्मत सिंह का एक महिला से करीब 1 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर महिला के पति, ससुराल पक्ष और भाइयों के मन में रंजिश पनप रही थी। बदला लेने के लिए ही आरोपियों ने एक राय होकर खौफनाक वारदात की योजना बनाई। जंगलों में छिप रहा था आरोपी एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और डूंगरपुर में सैकड़ों ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी गोविंद कुमार पुत्र मांगीलाल मीणा लगातार ठिकाने बदल रहा था। साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। कोर्ट में जल्द पेश होगी मजबूत चार्जशीट सभी 14 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब सुखेर पुलिस अदालत में केस डायरी और मजबूत चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है, ताकि फास्ट ट्रैक कोर्ट से दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। —————- मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… उदयपुर में प्रेम प्रसंग में युवक का अपहरण, हत्या:महिला से मिलने गए थे; पहाड़ी पर मिला शव; पुलिस ने महिला सहित 4 को किया डिटेन उदयपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की अपहरण कर हत्या कर दी गई। सुखेर थाना क्षेत्र में 26 जून को मावली निवासी हिम्मत सिंह सोलंकी (45) महिला मित्र का कैलाशपुरी में इंतजार कर रहे थे। तभी पिकअप में सवार होकर 7-8 लोग आए और हिम्मत सिंह का अपहरण करके करीब 10 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर ले गए थे। इसके बाद हिम्मत सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। (पूरी खबर पढ़ें…) हिम्मतसिंह हत्याकांड मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार:अपहरण कर की थी हत्या; 10 आरोपी पहले पकड़े जा चुके उदयपुर में करीब 15 दिन पहले अपहरण कर एक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को और गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे। पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से इन्हें पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी नारायणलाल और शंकरलाल गमेती को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। (पूरी खबर पढ़ें…)
