राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत का फलोदी में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने आगामी निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। जिला कार्यालय पहुंचने पर भाजपा जोधपुर देहात उत्तर की जिलाध्यक्ष ज्योति जानी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री कुमावत का पुष्पमालाएं पहनाकर और साफा बांधकर स्वागत किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत समारोह के बाद मंत्री कुमावत ने फलोदी में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने आगामी चुनाव को पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती का पर्व बताया। अनुशासन और एकजुटता का आह्वान
मंत्री कुमावत ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है और इसकी सफलता प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण एवं सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया। दौरे के दौरान मंत्री कुमावत ने क्षेत्र के विकास, पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा जोधपुर देहात उत्तर की जिलाध्यक्ष ज्योति जानी, जिला महामंत्री सुख राम विश्नोई, जय प्रकाश बोहरा, माधो सिंह देवड़ा, मेघराज कल्ला, शिव कुमार व्यास, ओम बोहरा, मुकेश पालीवाल, चतुर्भुज सोनी, सौरव बोहरा, राजीव देवड़ा, जगदीश पालीवाल, देव किसन सोनी, शिव प्रकाश पंचारिया, बृजमोहन बोहरा, दिनेश शर्मा, तिलोक प्रजापत, राजेंद्र कुमावत, मुकेश विश्नोई, गोपाल रंगा, जुगलकिशोर गुचिया, अशोक सिंह, हरीश माली सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
