श्रीगंगानगर शहर में एक बाल सुधार गृह में बुधवार रात बाल अपचारियों ने वार्डन को पीट-पीटकर मार डाला। तीन से चार बाल अपचारियों ने लकड़ी के फंटे से वार्डन का सिर फोड़ दिया। इससे वार्डन की मौके पर तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में रात करीब साढ़े 8 बजे की है। एसपी हरी शंकर ने बताया ने बताया कि पुरानी आबादी इलाके में एक बाल सुधार गृह में बुधवार रात करीब 8:30 बजे तीन से चार बाल अपचारी खाना देने की बात को लेकर वार्डन साहबराम (63) से झगड़ा करने लगे। इस दौरान तीनों ने साहबराम को बुरी तरह से मारना शुरू कर दिया। आरोपियों ने लकड़ी की फट्टी से साहब राम का सिर फोड़ दिया। इसके कारण वार्डन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनमें 2 अपचारी मर्डर के आरोपी हैं। जबकि एक एनडीपीएस मामले में बाल सुधार गृह में बंद है। कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसपी के अलावा कलेक्टर डॉ. अमित यादव, एडीएम प्रशासन सुभाष चौधरी और एएसपी दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है। फिलहाल किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। जांच के लिए फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। मृतक का शव एंबुलेंस से श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। एसपी बोले- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं
एसपी हरी शंकर ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन क्रिएट किया गया हैं। तीन से चार आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने लकड़ी की फट्टी से हत्या की है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी रिकार्ड में लिए गए हैं।
