बीकानेर में बैंकों की कैश पहुंचाने वाली वैन को हथियारबंद बदमाशों ने रोककर दिनदहाड़े 51 लाख की लूट को अंजाम दे दिया। घटना पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुंडा गांव के बीच हुई। जानकारी के अनुसार- बोलेरो में आए 4 हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को रुकवाया। कर्मचारियों को हथियार दिखाए और कैश से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ब्रांच में कैश पहुंचाने जा रहे थे प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैश वैन विभिन्न बैंक शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। हथियारों के बल पर कर्मचारियों को धमकाते हुए बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में कैश बॉक्स अपने कब्जे में लिया और स्कॉर्पियो से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार लूटी गई राशि 51 लाख रुपए बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही वृताधिकारी (सीओ) जरनैल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संभावित फरार मार्गों पर भी सघन जांच की जा रही है। पांच-पांच सौ रुपए के नोट थे ज्यादा सीएमएस कंपनी की वैन दोपहर में सवा दो बजे नोखा एसबीआई बैंक से कैश 51 लाख रुपए लेकर सारुंडा के लिए रवाना हुई थी। इसमें पांच-पांच सौ रुपए से 47 लाख रुपए थे जबकि एक एक सौ रुपए से चार लाख रुपए थे। दोपहर ठीक तीन बजे स्टेट हाइवे पर पीछे से आई बोलेरो ने वैन को कट मारा, जिससे वैन सड़क के किनारे रुक गई। ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल रखा, दो लुटेरो ने पीछे से बक्सा उठाया और ले गए। कैंपर से तीन बदमाश नीचे उतरे। 3.18 बजे पुलिस को सूचना मिल गई थी। पुलिस ने वैन का डीवीआर अपने कब्जे में लिया है। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने बैंक कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैश वैन में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है। कंटेंट : जगदीश सुथार, पांचू

You missed