बारां. भाजपा की ओर से अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाए जाने के बाद मोरपाल सुमन इतने भावुक हो गए कि वे भाजपा जिला उपाध्यक्ष से गले से लिपटकर फफक उठे। दरअसल, भाजपा प्रदेश नेतृत्व की ओर से मोरपाल सुमन को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय से संघ कार्यालय पहुंचे सुमन जब कार्यालय से बाहर निकले तो वहां मौजूद भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश जैन उन्हें दिख गए। ऐसे में वे उनके गले लगकर फफककर कर रो पड़े, जैन ने मोरपाल को संभाला। जब जैन ने उनसे इसका कारण पूछा तो मोरपाल ने कहा कि यह तो खुशी के आंसू है, जो बरस पड़े।