महाराजा सवाई भवानी सिंह स्कूल का वार्षिक उत्सव इस बार बिड़ला ऑडिटोरियम में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की थीम साहस और विजय की कहानिया थी। जिसमें विद्यार्थियों ने अलग-अलग नाट्य और नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए हिम्मत, मेहनत और जीत की प्रेरणादायक कहानियां जीवंत कर दीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश की गई, जिसमें पिछले साल की उपलब्धियों और विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य गौरवी कुमारी थीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्कूल सिर्फ पढ़ाई का नहीं, बल्कि बच्चों के अंदर अच्छे संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी जगाने का भी केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और नेतृत्व की भावना पैदा करते हैं। विद्यालय की सामाजिक पहलों की भी चर्चा हुई, जिनमें ईच वन टीच वन कार्यक्रम, डोनेशन ड्राइव और लर्न टू अर्न जैसी गतिविधिया शामिल थी। इनके जरिए बच्चे समाज की सेवा में भाग ले रहे हैं। गौरवी कुमारी ने विद्यालय की गर्ल्स हैंडबॉल टीम की उपलब्धि की भी तारीफ की, जिसने सीबीएसई वेस्ट जोन टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं बार स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या वैदेही सिंह ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों की मेहनत, एकजुटता और रचनात्मकता का नतीजा है।
