जोधपुर में एक कलर गोदाम में लगी आग से घनी आबादी वाले इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोटक केमिकल से भरी 3 मंजिला बिल्डिंग में रातभर धमाके होते रहे। हादसा इतना भीषण था कि करीब के एक नेचुरोपैथी सेंटर को खाली कराया गया। वहीं, बिल्डिंग के आसपास रहने वाले लोग गाड़ियां लेकर भागते नजर आए। आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स की फायर टीम के साथ 12 फायर ब्रिगेड रात भर जुटी रहीं। जहां आग लगी वहां से करीब 100 मीटर दूर केमिकल से भरा टैंकर खड़ा था। आग लगने की घटना शहर के लाल पुलिया इलाके में रंगसागर के गोदाम में गुरुवार रात करीब 8.30 बजे हुई। टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पाया। पहले देखिए हादसे की भयावहता दिखाने वाली PHOTOS… फोटो: 1 धमाके के साथ मिनटों में जलने लगी पूरी बिल्डिंग
फोटो: 2 विस्फोट का बड़ा कारण थिनर-स्प्रिट जैसे केमिकल फोटो: 3 फायर ब्रिगेड ने स्काई लैडर से आग पर पानी छिड़का फोटो: 4 आग बुझाने के दौरान इलाके में धुएं का गुबार फैल गया दुकान-गोदाम में था दो से तीन करोड़ का स्टॉक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संजय लोहिया की इस दुकान-गोदाम में दो-तीन करोड़ का स्टॉक भरा था। आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि तमाम रिकॉर्ड जुटाने के बाद ही हो पाएगी। आग लगने का कारण सामने नहीं आया है, इसकी जांच की जा रही है। स्काई लैडर से आग की उठती लपटों को पास से देखा
रंगसागर बिल्डिंग के पिछले हिस्से में नाला है। उस तरफ से उठती आग की लपटों को बुझाने में फायर बिग्रेड टीम को काफी परेशानी आई। स्काई लैडर से भास्कर टीम ने इसे देखा। सीएफओ चौहान ने बताया- अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ भरे इस गोदाम में लगी आग को बुझाने के लिए पानी के साथ भारी मात्रा में फोम का इस्तेमाल किया। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। नेचुरोपैथी सेंटर को करवाया खाली
ऑयल पेंट गोदाम के पास स्थित प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र (नेचुरोपैथी सेंटर) को भी खाली करवाया गया। एक हिस्से में मौजूद मरीजों और स्टाफ को सेंटर के दूसरे ब्लॉक में शिफ्ट किया गया, ताकि विस्फोट की स्थिति में जनहानि नहीं हो।
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों ने लगाए 200 से ज्यादा चक्कर
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों के साथ एयरफोर्स की फायर टीम भी मौके पर जुटी रही। निगम की इन 12 फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने पानी भरने के लिए औसतन 15 से 18 चक्कर लगाए। नगर निगम की फायर ब्रिगेड पूरी रात भीषण आग को कंट्रोल करने में जुटी रही। दिवाली के सीजन के चलते रखा था भरपूर स्टॉक
जोधपुर की सबसे बड़ी ऑयल पेंट दुकानों में से एक रंगसागर की शहर में कई इलाकों में बड़ी दुकानें हैं। इन्हीं में से एक इस गोदाम में भी दीपावली के सीजन के चलते काफी मात्रा में ऑयल पेंट, थिनर, स्प्रिट का भरपूर स्टॉक भरा था। इन अत्यंत ज्वलनशील पदार्थों से भरे ड्रमों में रुक-रुककर धमाके होते रहे। हालांकि अब तक इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बिल्डिंग के पास था ज्वलनशील केमिकल से भरा टैंकर
आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन की स्काई लैडर को भी मौके पर बुलाया गया। एयरफोर्स की भी एक दमकल पहुंची। बाद में स्काई लिफ्ट पर चढ़कर दमकलकर्मियों ने ऊपरी मंजिलों पर पानी डाला। जिस बिल्डिंग में धमाकों के साथ आग भड़की। उससे करीब 100 मीटर दूर केमिकल से भरा टैंकर खड़ा था। बताया जा रहा है कि इसमें ज्वलनशील केमिकल था। क्रेन बुलाकर इसे मौके से हटाया गया। आग के कारण पूरे इलाके की बिजली कई घंटे तक गुल रही। गोदाम में लगी आग की ये खबर भी पढ़िए- जोधपुर शहर में पेंट के गोदाम में धमाके, भीषण आग:नेचुरोपैथी सेंटर की बिल्डिंग खाली कराई, एयरफोर्स की फायर टीम भी पहुंची जोधपुर में ऑयल पेंट के गोदाम-दुकान में भीषण आग लग गई। यहां ऑयल पेंट के ड्रमों में रुक-रुककर ब्लास्ट होने लगे। राहत टीमों के अनुसार धमाकों के कारण बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा टूट गया। (पढ़ें पूरी खबर)
