डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के रामा टांडा गांव में गुरुवार रात खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया । आरोप- खेत के पास ट्रांसफॉर्मर से फैला करंट गांव के लच्छु बंजारा ने बताया कि रामा टांडा निवासी राहुल (23) और दिनेश (21) पुत्र सरदार अपनी मां मंजू के साथ खेत में मोटर चालू कर सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से अचानक करंट फैल गया। तीनों झुलसकर बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल आसपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने राहुल और दिनेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां मंजू को प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। बाबु बंजारा, सरदार बंजारा सहित गांव वालों ने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा खेत के पास लगे ट्रांसफॉर्मर को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। आक्रोशित लोगों ने मौके पर हंगामा किया। सूचना पर आसपुर थानाधिकारी प्रदीप बिट्टू जाप्ते सहित पहुंचे और समझाइश कर स्थिति को शांत कराया। विभाग ने खारिज की ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने की बात इस मामले में एवीवीएनएल आसपुर के एईएन विजय शर्मा ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने की बात सही नहीं है। ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति घटना के समय भी चालू थी और अभी भी चालू है। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण करने के बाद ही असल कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस तैनात, शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए शुक्रवार सुबह मॉर्च्युरी के बाहर समाजजनों को बुलाया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन जाप्ता तैनात किया है। मृतक राहुल की शादी छह माह पहले समोड़ा गांव में हुई थी। राहुल चार भाइयों में दूसरे और दिनेश तीसरे नंबर पर था।
