अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर की गई, जिसमें भारी मात्रा में हथियार और मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4 ग्लॉक 9MM पिस्तोल, गोला-बारूद और करीब 2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई में बैठे एक तस्कर के इशारों पर काम कर रहे थे, जो पाकिस्तान में मौजूद अपने साथियों के संपर्क में है। एफआईआर दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी बरामद खेप पाकिस्तान से लाई गई थी और उसे पंजाब तक पहुंचने की साजिश रची गई थी। इस मामले में थाना SSOC अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है और पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। डीजीपी ने दोहराया है कि वह राज्य में नशा और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी, ताकि पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके।
