बरनाला जिले में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना बरनाला-मोगा मार्ग पर स्थित गांव भोतना के पास हुई, जहां एक स्कॉर्पियो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान बूटा खान (निवासी चुहानके) और चिराग खान (निवासी मांगेवाल) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक दिवाली के लिए बकरे लाने गांव संधू खुर्द जा रहे थे। इलाज के दौरान मौत जब वे गांव भोतना के पास सड़क से गुजर रहे थे, तभी मोगा की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को तुरंत बरनाला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना टल्लेवाल के एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक चिराग खान के भाई एस. मोहम्मद के बयान दर्ज किए हैं। इन बयानों के आधार पर स्कॉर्पियो कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार की पहचान कर ली है और चालक को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
