सीकर जिले के सांवलोदा गांव निवासी निशानेबाज दीपेंद्रसिंह शेखावत ने इंटरनेशनल शूटिंग टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीता है। दीपेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित 34वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में 50 मीटर ओपन साइट राइफल थ्री पॉजिशंस में सिल्वर मेडल हासिल किया है। यह प्रतियोगिता 9 से 15 अक्टूबर तक आयोजित की गई, जिसमें 10 मीटर राइफल, 50 मीटर राइफल पीप साइट प्रोन व पीप साइट थ्री पॉजिशन व 50 मीटर ओपन साइट प्रोन व थ्री पॉजिशन के 2 हजार से अधिक निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। ओपन साइट राइफल थ्री पॉजिशन के नेशनल लेवल टूर्नामेंट में 20 साल बाद राजस्थान के खिलाड़ी ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। दीपेंद्रसिंह ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग में बेस्ट स्कोर अर्जित किया है। दीपेंद्र सिंह राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में अभी कुल 15 मेडल जीत चुके हैं। साल 2023 में जर्मनी के हनोवर में आयोजित ISCH चैंपियनशिप तथा चेक रिपब्लिक के प्लेसन शहर में आयोजित हुई 49 वीं लिब्रेशन ग्रैंड प्रिक्स में भारतीय निशानेबाजी दल में भी दीपेंद्र सिंह शामिल रहे।