बालोतरा में स्कोर्पियो-ट्रेलर की टक्कर में दो चचेरे भाइयों समेत 4 युवक जिंदा जल गए। हादसे में इनका एक साथी दिलीप सिंह गंभीर झुलस गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो की बैटरी में ब्लास्ट हो गया। गेट लॉक हो गए। इस हादसे से 6 घंटे पहले ही दिलीप ने जैसलमेर में 14 अक्टूबर को हुए बस अग्निकांड की फोटो शेयर करते हुए स्टेटस लगाया था। लिखा था- हादसे गवाह है…​जिंदगी का कोई भरोसा नहीं। सिणधरी थाने के सड़ा गांव में बुधवार देर रात 1 बजे हादसे में डाबड़ निवासी मोहन सिंह (35) पुत्र धूड़सिंह, उसके चचेरे भाई शंभू सिंह (20) पुत्र दीप सिंह, पांचाराम (22) पुत्र लुम्बाराम और प्रकाश (28) पुत्र सांपाराम की जलने से मौके पर मौत हो गई है। इनमें पांचाराम दीपावली मनाने के लिए दिल्ली से गांव आया था। हादसे में झुलसा दिलीप सिंह, शंभूसिंह और मोहन सिंह का चचेरा भाई है। शाम 8 बजे घर से निकले थे
चारों डाबड़ गांव के रहने वाले थे। ग्रामीणों ने बताया कि पांचाराम काे सिणधरी में कोई काम था। इसके बाद पांचों शाम 8 बजे गांव से रवाना हुए थे। रात 1:45 बजे हमें हादसे की सूचना मिली थी। हम लोग पहुंचे तो गाड़ी जल रही थी। चार युवक अंदर थे। फायर बिग्रेड पहुंची, तब तब गाड़ी जलकर राख हो चुकी थी। जहां हादसा हुआ, वहां आगे दो गड्ढे थे। इनसे बचने के लिए दिलीप ने गाड़ी के ब्रेक लगाया। लेकिन, ट्रेलर ने ब्रेक नहीं लगाए और वह बेकाबू होकर कार से टकरा गई। इसके बाद ट्रेलर ड्राइवर स्कॉर्पियो को 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। बैटरी विस्फोट होने के कारण लगी आग, गेट हो गए थे लॉक
प्रत्यक्षदर्शी भजनलाल ने बताया कि टक्कर के बाद बैटरी में विस्फोट होने के कारण आग लगी है। स्कॉर्पियो सवारों को बचाने के लिए पीछे वाला कांच तोड़ा तो लपटें और फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग पूरी कार में फैल चुकी थी। जब कार में आग लगी तो वहां से गुजर रहे एक ट्रक ड्राइवर ने कांच और गेट तोड़कर दिलीप को बचा लिया था। हादसे के तुरंत बाद गाड़ी सेंट्रल लॉक हो गई। बताया जा रहा है कि गेट नहीं खुलने की वजह से चारों युवक बाहर नहीं निकल पाए। दम घुटने की वजह से वे बेसुध हो गए और फिर आग में जिंदा जल गए। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की सूचना फायर बिग्रेड और पुलिस को दे दी गई, लेकिन दो घंटे तक फायर बिग्रेड नहीं पहुंची। परिजनों और लोगों के सामने स्काॅर्पियो सवार जलते रहे। मोहनसिंह ड्राइविंग स्कूल में जॉब करता था
मोहनसिंह ड्राइविंग स्कूल में जॉब करता था। शादी को 10 साल हो चुके थे। ग्रामीणों ने बताया- मोहनसिंह के पिता की पहले ही मौत हो चुकी। घर में कमाने वाला अकेला ही था। बड़े भाई है, वो अलग ही रहते हैं। इसके दो बेटे हैं। महावीर ड्राइवर था। प्रकाश ई-मित्र संचालक था
गुड़ामालानी डाबड़ निवासी प्रकाश ई-मित्र संचालक और डाक पार्सल का काम करते थे। प्रकाश के दो बेटे हैं। प्रकाश के दो छोटे भाई है। परिवार में सबसे बड़े थे। वहीं पांचाराम देवासी की चार सालों से दिल्ली में ऑटो पार्ट्स की दुकान थी। फिलहाल दीपावली अपने परिवार के साथ मनाने के लिए गांव आया था। शंभू सिंह गुड़ामालानी कॉलेज में बीए फाइनल का ईयर का स्टूडेंट था। घायल दिलीप सिंह लव कुश कॉलेज का रह चुका अध्यक्ष
घायल दिलीप सिंह लव-कुश कॉलेज के 2022 में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके। दिलीप सिंह का जोधपुर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। दिलीपसिंह के गुड़ामालानी में कपड़े की शॉप है। कलेक्टर बोले- हादसे की जांच की जा रही है
बालोतरा कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने कहा- रात में 1 बजे के आसपास स्काॅर्पियो और ट्रेलर के बीच भिड़ंत हो गई थी। आग में स्कॉर्पियो सवार 4 युवक जिंदा जल गए। एक घायल को यहां से बालोतरा और बाद में जोधपुर रेफर कर दिया गया है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान में स्कॉर्पियो में जिंदा जले 4 दोस्त:ट्रेलर से भिड़ंत के बाद लगी थी आग, एक युवक गंभीर घायल, हाईवे जाम बालोतरा में ट्रेलर-स्कॉर्पियो की भिड़ंत के बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार 5 दोस्तों में से 4 की जलने से मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर घायल है। हादसा सिणधरी थाना के सड़ा गांव में मेगा हाईवे पर रात करीब 1.30 बजे हुआ। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद जले वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया गया। (यहां पढ़ें पूरी खबर)