लुधियाना के गांव गुज्जरवाल के रहने वाले युवक को करीब दो महीने पहले नशे का टीका लगाकर मौत के घाट उतारने के मामले में थाना जोधा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब उस नशा तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिससे मृतक के दोस्तों ने नशा खरीदा था और मृतक तरनप्रीत सिंह को लगाया था। पुलिस ने आरोपी को धारा 105, 3(5) के साथ 238 बीएनएस और 29 एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत पकड़ा है। आरोपी की पहचान परमवीर सिंह उर्फ जीवी निवासी गांव चंमिडा के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है। इंडोर स्टेडियम में मिला था युवक का शव थाना जोधा के एएसआई गुरचरण सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले तरनप्रीत सिंह का शव गांव के इनडोर स्टेडियम से मिला था। उस समय पुलिस ने मनप्रीत सिंह, जगतार सिंह उर्फ तारी, रणजीत सिंह उर्फ सोनू नाई और जगजीवन सिंह समेत चार आरोपियों के खिलाफ धारा 105, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नशा परमवीर सिंह उर्फ जीवी से खरीदा था, जो पहले भी नशा तस्करी के तीन मामलों में नामजद रह चुका है। इसी आधार पर अब उसे भी गिरफ्तार किया गया है। यह था पूरा मामला गांव गुज्जरवाल के 18 वर्षीय तरनप्रीत सिंह का शव दो महीने पहले गांव के बाहर बंद पड़े इनडोर स्टेडियम से बरामद हुआ था। मृतक 11 अगस्त की शाम से लापता था। पिता गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका बेटा मनप्रीत सिंह उर्फ मनी निवासी रंसी कला के साथ घर से गया था, जिसने अपने साथियों जगतार सिंह, रणजीत सिंह और जगजीवन सिंह के साथ मिलकर उसे नशीला टीका लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपियों ने शव को स्टेडियम में फेंक दिया था। पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी थाना जोधा पुलिस ने अब तक पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक को नशा उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की जांच आगे भी जारी है ताकि पूरे गिरोह को बेनकाब किया जा सके।