डीडवाना-कुचामन की चितावा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में वह हथियार का कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद बंदूक जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा के सुपरविजन में चितावा थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण लाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम को क्षेत्र में अवैध हथियारों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लालास से चारणवास-हुडील रोड पर एक व्यक्ति अवैध टोपीदार बंदूक लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर बंदूक लिए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर भागा, घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान कैलाश पुत्र केसराज (42) निवासी स्वामीजी की ढाणी, थाना जीणमाता, जिला सीकर, हाल अस्थायी डेरा हुडील के रूप में बताई। लाइसेंस नहीं मिला, बंदूक जब्त जब पुलिस ने कैलाश से बंदूक का लाइसेंस या अनुज्ञापत्र मांगा, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध टोपीदार बंदूक जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जांच शुरू आरोपी कैलाश के खिलाफ चितावा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रवण लाल, हेड कांस्टेबल पुखराज और कांस्टेबल राकेश सामोता की अहम भूमिका रही।