भरतपुर में 14 महीने से लापता ठेकेदार प्रहलाद बैरवा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने REET-2021 परीक्षा में प्रहलाद की पत्नी को पास कराने के नाम पर 5 लाख रुपए लिए थे, जब प्रहलाद की पत्नी पास नहीं हुई तो उसने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी धर्मेंद्र जाखड़ ने अपने साथी विनोद मीणा के साथ मिलकर प्रहलाद की गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को धौलपुर के जंगल में गाड़ दिया। पॉलीग्राफ टेस्ट में दोनों आरोपियों ने इसका खुलासा किया है। इसके बाद दोनों को पुलिस ने धर्मेंद्र और विनोद मीणा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर जंगल से प्रहलाद के शव के अवशेष भी बरामद किए गए। एसपी राजेश मीणा ने शुक्रवार को मामले का खुलासा किया। कोर्ट जाते समय किया था किडनैप
SP राजेश मीणा ने बताया कि वैर निवासी ठेकेदार प्रहलाद बैरवा 26 मार्च 2025 को कोर्ट जाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। अगले दिन 27 मार्च को उनकी पत्नी पूनम बैरवा ने वैर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस ने कई टीमें गठित कीं, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने भी कई बार प्रदर्शन कर पुलिस से खुलासे की मांग की थी। जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 में प्रहलाद की पत्नी पूनम REET की तैयारी कर रही थीं। धर्मेंद्र धाकड़ ने परीक्षा में पास कराने का दावा करते हुए प्रहलाद से 5 लाख रुपए ले लिए। जब पूनम परीक्षा में पास नहीं हुई तो प्रहलाद अपनी रकम वापस मांगने लगा। लगातार पैसों की मांग से परेशान धर्मेंद्र ने अपने साथी विनोद मीणा के साथ मिलकर प्रहलाद की हत्या की प्लानिंग की। एसपी ने बताया- 26 मार्च 2025 को आरोपियों ने प्रहलाद का वैर से अपहरण किया और उसे धौलपुर की ओर ले गए। वहां जंगल में गला घोंटकर प्रहलाद की हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को जमीन में गाड़ दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शुक्रवार को जंगल से शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद दोनों ने जुर्म स्वीकार किया
जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र धाकड़ और विनोद मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन दोनों लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे। इसके बाद पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया, जिसके बाद दोनों ने सच स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुल 19.50 लाख रुपए के लेन-देन का आरोप
करीब 25 दिन पहले एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान प्रहलाद की पत्नी पूनम बैरवा ने दावा किया था कि उनके पति ने धर्मेंद्र धाकड़ को 4.50 लाख रुपए और राजेश कुमार गर्ग को 15 लाख रुपए उधार दिए थे। दोनों से रकम वापस मांगने पर विवाद चल रहा था और इस संबंध में करीब ढाई साल पहले धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज कराया गया था, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। पूनम का आरोप है कि 26 मार्च 2025 को प्रहलाद उसी मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट गए थे, जहां से उनका अपहरण कर लिया गया था। पुलिस फिलहाल इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
