प्रॉपर्टी कारोबार के विवाद में एक युवक की हत्या कर लाश को जमीन में दवाकर छिपाने का मामला सामने आया है। मृतक हरसौर (नागौर) निवासी लेखराज था। आरोपी क्रिश्चियन गंज क्षेत्र में हत्या के बाद लाश को कार में डालकर निकटवर्ती ग्राम केसरपुरा ले गए और जंगली इलाके में डूंगरी पर जेसीबी मशीन से 6 फीट गड्डा करवाकर मिट्टी में दबा दिया। मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान मिले हैं। इधर, जब लेखराज घर नहीं लौटा तो परिजन ने पुलिस को शिकायत देकर अनहोनी की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिससे पूछताछ के बाद मायापुर गांव के चार और युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर बुधवार रात केसरपुरा डूंगरी इलाके में जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई कर करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीओ नॉर्थ रुद्रप्रकाश सहित पांच थानाप्रभारी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फिलहाल पकड़े गए युवकों के नामों का खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। क्रिश्चियनगंज थानाप्रभारी अरविंद सिंह ने कहा कि छानबीन जारी है, मामले का खुलासा गुरुवार को किया जाएगा। प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद में हत्याः सीओ सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश ने बताया- प्रॉपर्टी विवाद में युवक की हत्या कर लाश को दफनाया गया था। आरोपियों की मौजूदगी में लाश निकलवाई। मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गुरुवार को मामले का खुलासा किया जाएगा। आरोपी करते रहे गुमराह, दो-तीन जगह करवाई खुदाई पुलिस के अनुसार लेखराज प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। जयपुर व पुष्कर में बेशकीमती जमीन के सौदे में उसकी प्रतिद्वंद्वी प्रॉपर्टी डीलरों से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते अपहरण कर हत्या कर लाश को केसरपुरा के जंगल डूंगरी इलाके में दफना दिया गया। आरोपी काफी देर तक पुलिस को गुमराह करते रहे। इस कारण जेसीबी से दो-तीन जगह खुदाई की गई, लेकिन लाश नहीं मिली। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद नग्न हालत में जमीन में दबी लेखराज की करीब तीन दिन पुरानी लाश मिली।