नागौर शहर के बीकानेर रोड स्थित डीडवाना तिराहे पर शनिवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद खड़ी पिकअप से जा भिड़ी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवतियां घायल हो गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो तेज गति से स्कूटी को टक्कर मारती दिखाई दे रही हैं। हादसे की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कॉर्पियो, स्कूटी और पिकअप को जब्त कर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हादसे में स्कूटी सवार भगवती और प्रियंका के हाथ और कमर में चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। गृह प्रवेश कार्यक्रम के लिए सामान लेने गई थीं
घायल युवतियों के भाई ने बताया कि प्रेम नगर कॉलोनी स्थित उनके नवनिर्मित मकान में शनिवार को गृह प्रवेश और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम था। दोनों युवतियां पूजा का सामान खरीदने के लिए स्कूटी से बाजार गई थीं। सामान लेकर लौटते समय डीडवाना तिराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आती दिखाई देती है और स्कूटी को टक्कर मारने के बाद नियंत्रण खोकर सामने खड़ी पिकअप से टकरा जाती है। पुलिस फुटेज के आधार पर भी हादसे की जांच कर रही है।
