उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज की एक महिला प्रोफेसर की स्कूटी चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि वहां तैनात होमगार्ड ही निकला। कॉलेज परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर इस चोरी का खुलासा हुआ। सीसीटीवी में आरोपी चोरी से पहले अपनी पूरी वर्दी (ड्रेस) पहने नजर आ रहा है और उसके हाथ में एक शर्ट दिखाई दे रही है। बाद में, उसी शर्ट को पहनकर (शर्ट बदलकर) आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने आरोपी होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही लिखित सूचना होमगार्ड कमांडेंट को भेज दी गई है। प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया- महिला प्रोफेसर की स्कूटी होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने ही चुराई थी और स्कूटी उसी के कब्जे से बरामद हुई है। पीड़ित महिला प्रोफेसर पिछले 4-5 दिनों से अपनी स्कूटी इधर-उधर ढूंढ रही थीं। मामले की शिकायत हाथीपोल थाने को भेज दी गई है, जिसके बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। चोरी से जुड़ी 2 PHOTOS… 30 जून को चोरी हुई स्कूटी, 6 दिन बाद मिली 30 जून 2026 की सुबह महिला प्रोफेसर ने अपनी स्कूटी को कॉलेज कैंपस में पार्क किया था। सुबह करीब 9:30 बजे जब उन्होंने देखा, तो कैंपस से उनका वाहन गायब था। करीब 6 दिनों तक वे आसपास अपनी स्कूटी तलाशती रहीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 7 जुलाई को जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें उनका चोरी हुआ वाहन दिखाई दिया, जिसे कॉलेज का ही एक होमगार्ड ले जाता हुआ दिख रहा था। पूछताछ में होमगार्ड ने बनाया पेट्रोल का बहाना सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कॉलेज प्रिंसिपल ने संबंधित होमगार्ड को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में होमगार्ड ने बताया- मेरी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था। बाहर खड़ी महिला प्रोफेसर की स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, इसलिए मैं उसे स्टार्ट कर बाल चिकित्सालय की पार्किंग तक ले गया था। मेरा इरादा चोरी का नहीं था। पीड़िता शिकायत देंगी तो कार्रवाई करूंगी थानाधिकारी हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी ने बताया- पीड़िता (महिला प्रोफेसर) ने अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। अगर उनकी तरफ से शिकायत आती है, तो जरूर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रिंसिपल ने शिकायत व्हाट्सऐप पर भेजी है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में यह मान्य नहीं है। हालांकि, हमने होमगार्ड को थाने बुलाकर पूछताछ की है, होमगार्ड ने पुलिस को बताया- मुझे वह स्कूटी संदिग्ध लगी थी, इसलिए मैं उसे सुरक्षित करने के लिए दूसरी पार्किंग में लेकर गया था। सुरक्षा के लिए ही अस्पतालों में तैनात किए गए थे होमगार्ड मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 28 होमगार्ड तैनात किए गए थे। इनमें पन्नाधाय महिला चिकित्सालय में 6, महाराणा भूपाल चिकित्सालय में 15 और मेडिकल कॉलेज में 7 होमगार्ड लगाए गए थे, लेकिन अब सुरक्षाकर्मी ही चोरी के संदेह के घेरे में हैं।