शहर के जोधपुर रोड स्थित थीम पार्क के पास शराब के नशे में एक मजदूर हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और ऊपर बिजली की लाइनों के बीच पहुंच गया। लोगों की सूचना पर विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने मजदूर को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पहले देखिए- 2 तस्वीरें कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया- मध्यप्रदेश के दमोह जिले के कुंडनपुर पटेल निवासी कमलेश(45) पुत्र मनु वर्मन नशे की हालत में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे थाने लाकर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलेश को टावर पर चढ़ता देख राहगीरों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी। विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे करंट लगने का खतरा टल गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ठेकेदार के मुनीम से विवाद की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, कमलेश जैसलमेर में गुलशन कंपनी के लिए प्लास्टर का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसका ठेकेदार के मुनीम से विवाद चल रहा था और वह मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना से परेशान था। इसी तनाव में उसने शराब पीकर टावर पर चढ़ गया। हालांकि, इस दावे की जांच की जा रही है। पुलिस की समझाइश से नीचे उतरा
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार कमलेश से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। काफी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और थाने लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।