बेटे का जन्मदिन मनाने बूंदी से कोटा जा रहे बाइक सवार रिटायर्ड टीचर और उनकी पत्नी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक का टायर कमर और सिर के ऊपर से निकलने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बेटे और उनका परिवार माता-पिता का इंतजार कर रहे थे। घर में उनके स्वागत और जन्मदिन की तैयारियां चल रही थी, लेकिन हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। दंपती के गांव में भी शौक की लहर छा गई। उधर, हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। हादसा बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना इलाके में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास हुआ। पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी
ASI हरिशंकर शर्मा ने बताया- कापरेन निवासी रिटायर्ड टीचर केदार लाल शर्मा (65) अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ गुरुवार को बाइक पर कोटा जा रहे थे। इस दौरान कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। ट्रक का टायर केदारलाल शर्मा की कमर और गीता शर्मा के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर राहगीर और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। हेलमेट पहनने के बाद भी नहीं बची जान
ASI हरिशंकर शर्मा ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती अपने बेटे से मिलने कोटा जा रहे थे। आज छोटे बेटे सुनील का जन्मदिन था, जिसे पूरा परिवार साथ मिलकर मनाने वाला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सारी खुशियां छीन ली। ASI ने बताया- पति-पत्नी ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी उनकी जान नहीं बचा सका। हेलमेट की बेल्ट केदार लाल शर्मा के गले में फंसी हुई थी। टायर ऊपर से गुजरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश जारी
हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर की पहचान के लिए गुडला टोल प्लाजा और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दंपती के दोनों बेटे कोटा में रहते हैं
परिजनों के अनुसार, दंपती के दोनों बेटे कोटा में रहते हैं। बड़ा बेटा रामलाल मेडिकल विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा सुनील इलेक्ट्रॉनिक्स का बिजनेस करता है। दोनों बेटे माता-पिता के आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मौत की खबर आई।