डॉक्टर के घर के बाहर खड़ी नेक्सॉन को एक युवक और युवती ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। धमाका हुआ तो कॉलोनी के लोग जाग गए। मिनटों में कार जलकर राख हो गई। डॉक्टर ने CCTV से युवक की पहचान की। आरोप लगाया कि 2 साल पहले उसकी पत्नी की डिलीवरी करवाने आया था। इस दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। ऐसे में, युवक उनके अस्पताल में 6 महीने पहले पथराव कर चुका है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी धमकी देता है। कहता है- मौत का बदला मौत मामला श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना इलाके का रविवार देर रात 2:30 बजे का है। राणा प्रताप कॉलोनी के निवासी जनता हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अतुल बंसल ने अकरम खान निवासी गुरुनानक बस्ती के खिलाफ जवाहर नगर थानम में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस युवक को गिरफ्तार करने के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। अब देखिए मौके की तस्वीरें पेट्रोल छिड़का और आग लगाई राणा प्रताप कॉलोनी में रहने वाले जनता हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अतुल बंसल ने बताया- हर रोज की तरह उसने अपनी टाटा नैक्सॉन कार घर के बाहर खड़ी की थी। रात के ढाई से तीन बजे के बीच एक क्रेटा कार उनके घर के बाहर रुकी। गाड़ी में युवक-युवती सवार थे। दोनों अपने साथ पेट्रोल की बोतलें लेकर आए थे। उन्होंने फुर्ती से कार पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग भड़कते ही धमाका हो गया, जो इतना तेज था कि कॉलोनी में रहने वाले लोग घरों से बाहर आ गए। पूरी जलकर राख हुई धमाका सुनते ही डॉ. बंसल भी उठ गए। डॉक्टर ने तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल किया। कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन, तब तक टाटा नैक्सॉन कार पूरी जलकर राख हो चुकी थी। घटना के बाद डॉ. बंसल ने घर के बाहर सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें एक युवक की पहचान हुई। वहीं, युवती पंजाब की रहने वाली बताई जा रही है। डॉक्टर पर मुकदमा करवा चुका है अकरम डॉ. बंसल ने बताया किया कि आरोपी युवक अकरम खान गुरुनानक बस्ती का रहने वाला है। फरवरी 2023 में उसकी पत्नी को डिलीवरी के लिए जनता हॉस्पिटल लाया गया था। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद युवक ने डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया, जो फिलहाल कोर्ट में चल रहा है। छह माह पहले भी युवक ने डॉक्टर के घर और हॉस्पिटल में पथराव किया था। जिसकी रिपोर्ट डॉक्टर ने जवाहरनगर थाने में दर्ज कराई थी। लिखा- मौत का बदला मौत डॉक्टर का आरोप है कि युवक फेसबुक पर भी वह पोस्ट डालकर उसे धमकियां देता है। कुछ समय पहले युवक ने फेसबुक पर धमकी देते हुए लिखा था- मौत का बदला मौत से लेंगे। इससे पहले भी अकरम खान ने उसपर जानलेवा हमले किए और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। फिलहाल जवाहर नगर थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस युवक को गिरफ्तार करने के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
