भरतपुर के सेवर में तीन दिन पहले झाड़ियों में मिले शव की रविवार को पहचान हो गई। युवक लखनपुर के नगला छतरी निवासी सुगम (22) था। वह सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती की तैयारी कर रहा था। इसके साथ ही क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट में पार्ट टाइम जॉब करता था। युवक के परिजन ने उसके दोस्त दिनेश गुर्जर पर हत्या का आरोप लगाया है। दिनेश गुर्जर एम्युनेशन डिपो (गोला-बारूद डिपो) में फायरमैन के पद पर तैनात है। सुगम का शव दिनेश के सरकारी क्वार्टर से 500 मीटर दूर मिला था। सुगम के छोटे भाई केशव ने कहा- मेरे भाई की आखिरी बार बात बहन से हुई थी। उसने कहा था कि वह दोस्त के यहां जा रहा है। इसके बाद हम तीन दिन ढूंढते रहे और अब उसकी लाश मिली है। सेवर थाने के SI करतार सिंह ने बताया- थाना इलाके में 2 जुलाई को विजय हॉस्पिटल के पास झाड़ियों में एक शव मिला था। उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। पुलिस ने मौके पर FSL की टीम बुलाकर सबूत जुटाए थे। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया था। आज युवक की पहचान होने पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया। मृतक सुगम के परिजनों ने दोस्त दिनेश गुर्जर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। आरोपी फरार है। दोस्त के घर जाने की बात कही थी भाई केशव ने बताया- मेरा बड़ा भाई सुगम भरतपुर में वैष्णव धर्मशाला में किराए पर कमरा लेकर रहता था। 1 जुलाई को सुगम ने बड़ी बहन भूपेश को फोन किया था। उसने भूपेश को बताया था कि वह दोस्त दिनेश गुर्जर के पास जा रहा है। यह भी बताया था कि 2 जुलाई को उसे दिल्ली में प्राइवेट जॉब के लिए इंटरव्यू देने जाना है। इसके बाद वह दिनेश के घर चला गया था। शाम करीब 6 बजे भूपेश ने वापस सुगम को फोन किया। सुगम का फोन स्विच ऑफ आ रहा था तो उसने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद हम 3 दिन तक उसे ढूंढते रहे। थाने में संपर्क किया तो पता चला कि एक युवक का शव भरतपुर के RBM हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखा हुआ है। हॉस्पिटल पहुंचे तो वह शव सुगम का था। केशव ने आरोप लगाया कि दिनेश गुर्जर ने ही उसकी हत्या की है। उसने ही सुगम की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका है। सिर पर चोट के निशान थे। आंखें और गर्दन सूजी हुई थी। … ये खबर भी पढ़ें… भरतपुर में जंगल में मिला युवक का शव:नाक से बह रहा था खून, एक दिन पुरानी है बॉडी भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। (पढ़ें पूरी खबर)
