डूंगरपुर में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ के तहत जिले के 1706 युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। शहर के विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पचपदरा (बालोतरा) में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से जुड़ा रहा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी कार्यक्रम में सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ पूर्व सांसद कनकमल कटारा, पूर्व मंत्री सुशील कटारा, जिला कलेक्टर देशल दान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मंच पर मौजूद अतिथियों ने जिले के 1706 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राज्य स्तरीय समारोह से रहा सीधा जुड़ाव डूंगरपुर का यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव से सीधे जुड़ा था। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए। युवाओं से सेवा और समर्पण का आह्वान अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। अतिथियों ने नव-नियुक्त युवाओं से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए आमजन की भलाई और प्रदेश के विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया।
