बाड़मेर में लाइट ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध होने पर तहसीलदार हुकमीचंद और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक महिला ने तहसीलदार पर पैसे खाने का आरोप लगाया तो उन्होंने कहा- फालतू बकवास मत करो। गलत कैसे बोल रहे हो कि पैसे खा लिए। लोगों ने भी सवाल उठाया कि जब यहां बिजली की कोई समस्या नहीं है तो ट्रांसफार्मर क्यों लगाया जा रहा है। मामला बाड़मेर शहर के रामा चौक इलाके में गुरुवार दोपहर 1 बजे का है। डिस्कॉम की टीम ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पहुंची थी। करीब 15 दिन पहले भी भैरव साड़ी स्टोर के पास ट्रांसफार्मर लगाने का लोगों ने विरोध किया था। अब पढ़िए… क्या था पूरा मामला डिस्कॉम टीम ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची, महिलाओं ने शुरू कर दिया विरोध गुरुवार को बाड़मेर डिस्कॉम की टीम रामा चौक इलाके में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पोल और मशीन लेकर पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय महिलाएं और लोग विरोध में उतर आए। महिलाएं कुर्सियां लेकर मौके पर बैठ गईं। सूचना मिलने पर तहसीलदार हुकमीचंद और कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे। लोग बोले- हमारे यहां बिजली की दिक्कत नहीं, जहां पहले तय था वहीं लगाओ स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से कहा कि उनके इलाके में बिजली की कोई समस्या नहीं है, इसलिए यहां ट्रांसफार्मर लगाने की जरूरत नहीं है। लोगों का कहना था कि जहां पहले भैरव साड़ी स्टोर के पास ट्रांसफार्मर लगाने की योजना थी, वहीं इसे लगाया जाए। तहसीलदार बोले- सोच-समझकर बोलो पुलिस-प्रशासन की समझाइश के दौरान महिलाओं ने भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। महिला: उन्होंने पैसे दिए और आपने खा लिए, इसलिए वहां ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहे। अंदर ही अंदर पैसे खा लिए। तहसीलदार: आप साथ थीं क्या? सोच-समझकर बोलो। गलत बात बोलने की जरूरत नहीं है। ऐसे कैसे कह रहे हो कि पैसे खा लिए। फालतू बकवास मत करो। महिला: फालतू बकवास आप करते हो। तहसीलदार: गलत कैसे बोल रहे हो कि पैसे खा लिए। आप महिला हो, तरीके से बोलो। गलत बात मत करो। अन्य लोग: आप भी सौतेला व्यवहार मत करो। तहसीलदार: आपको विरोध करने का अधिकार है, लेकिन किसी को गलत बोलने का अधिकार नहीं है। लोगों ने किया विरोध, प्रशासन ने समझाइश स्थानीय महिला लीला देवी ने कहा- घर के आगे डीपी लगाने से 20 साल भी करंट लगने से हादसा हुआ था। पहले डीपी करमु जी की गली में लग रही थी, लेकिन वहां लोगों ने विरोध किया तो अब इधर लगा रहे हैं। हम यहां पर नहीं लगने देंगे। कोतवाली सीआई मनोज कुमार ने बताया – लाइट की सुविधा सुचारु करने के लिए डिस्कॉम डीपी लगाना चाहता है। स्थानीय लोगों का विरोध है कि यहां डीपी नहीं लगाई जाए। पुलिस और प्रशासन की ओर से समझाइश का प्रयास चल रहा है। लाइट व्यवस्था को ठीक करने के लिए विरोध नहीं करना चाहिए।