राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से शिव सिंह शेखावत के नेतृत्व में बुधवार को गांधी पथ, वैशाली नगर स्थित जानकी पैराडाइज में सेवा संकल्प दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें भेंट की गईं। साथ ही नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयोजन में आध्यात्मिक विभूति अर्जुनाचार्य, पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास, फिल्म निर्माता अनिल शर्मा, गोपालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन गोयल, शगुन ग्रुप के डायरेक्टर जे.डी. महेश्वरी, इवेंट किंग प्रियंका-नितिन दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन भी किया गया। सेवा के माध्यम से समाज में बदलाव का संदेश कार्यक्रम संयोजक शिव सिंह शेखावत ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता में निहित है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प ले, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग स्वतः प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही व्यक्ति को महान बनाता है और यही राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। हेल्थ कैंप में दी गई निशुल्क जांच और स्वास्थ्य सेवाएं आयोजन के दौरान नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें ब्लड शुगर, ईसीजी और बीपी की जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयोजकों ने इसे सेवा संकल्प दिवस का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। अनिल शर्मा ने साझा किए सफलता के मंत्र, कलाकारों ने बांधा समां विशिष्ट अतिथि एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने अपने संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा करते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं बॉलीवुड अभिनेता जोजो और बॉलीवुड सिंगर व इंटरनेशनल परफॉर्मर ए.क्यू.एम. अली कुली मिर्जा ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजकों का किया सम्मान कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए शिव सिंह शेखावत का अतिथियों, सामाजिक संगठनों और उपस्थित नागरिकों ने साफा, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर सम्मान किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।