ब्यूटी पेजेंट एलीट मिस राजस्थान के सीजन-12 (2025) का पहले ऑडिशन का आयोजन रविवार को किया गया। अजमेर रोड स्थित ग्रैंड अनुकंपा के प्रतिष्ठा बैंक्वेट में ऑडीशन रखा गया। यहां प्रदेशभर से आई मॉडल्स ने अपने अंदाज, स्टाइल और इंटेलिजेंस से जजेज को प्रभावित किया। इस ऑडिशन में राजस्थान के झुंझुनूं, चूरू, नीमराणा जैसे छोटे से छोटे शहरों की भी गर्ल्स ने हिस्सा लिया। कुछ मॉडल्स गांव-ढ़ाणियों से ताल्लुक रखती हैं। एलीट मिस राजस्थान के फाउंडर-डायरेक्टर गौरव गौड़ ने बताया- इस बार एलीट मिस राजस्थान का 12वां सीजन पहले से भी ज्यादा बड़ा रखा गया है। हमारा उद्देश्य राजस्थान की प्रतिभाओं को एक ऐसा मंच देना है, जहां वे बिना किसी शुल्क या बाध्यता के अपने सपनों को साकार कर सकें। ऑडिशन पूरी तरह निशुल्क रखे गए हैं। ताकि हर युवा प्रतिभा को अपनी क्षमताओं को दिखाने का समान अवसर मिल सके। जजेज के सवालों के जवाब दिए इस अवसर पर मॉडल्स ने रेड ड्रेस कोड में भाग लिया, जो आत्मविश्वास, जुनून और शक्ति का प्रतीक रहा। प्रतिभागियों ने जजेज के सामने न केवल अपने रैंप वॉक और कम्युनिकेशन स्किल्स का प्रदर्शन किया, बल्कि सवाल-जवाब सत्र में अपनी समझ और दृष्टिकोण से भी प्रभावित किया। फैशन, ग्रूमिंग और एटीट्यूड पर आधारित इस ऑडिशन में जूरी ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, बॉडी लैंग्वेज, स्टाइलिंग के आधार पर मूल्यांकन किया। यहां से चयनित फाइनलिस्ट्स को एलीट मिस राजस्थान 2025 के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर के ब्यूटी पेजेंट्स तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा। अन्य शहरों मे भी ऑडिशन होंगे फाउंडर गौरव गौड़ ने बताया- आने वाले हफ्तों में राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि राज्य के हर कोने से उभरती प्रतिभाओं को एक समान मंच मिले। इस मौके पर कई फैशन एक्सपर्ट्स, पूर्व मिस राजस्थान विजेताओं और मॉडलिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यक्तित्व भी मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना की।