पिता को थप्पड़ मारा तो बेटों ने उनके अपमान का बदला लेने के लिए पूर्व सरपंच पर तलवार और सरिए से हमला किया। आरोपियों ने फायरिंग भी की। पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता पर हमले के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता, दोनों बेटों और उनके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भीलवाड़ा के सदर थाना इलाके के हलेड़ गांव का है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब 3 महीने पहले पूर्व सरपंच ने उनके पिता को थप्पड़ मारा था। उसी का बदला लेने के लिए उन्होंने यह हमला किया था। तलवार से हमला किया, फायरिंग भी की
भीलवाड़ा के मेन मार्केट में शनिवार शाम करीब 7 बजे 2 बदमाशों ने पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता हरफूल जाट पर फायरिंग की थी। बदमाशों ने तलवार और सरिए से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल हरफूल को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना पर सीओ सिटी मनीष बड़गुर्जर और कोतवाल गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से तलवार और लाठी भी मिली थी। वारदात के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। एसपी ने मामले की जांच के लिए टीमों का गठन किया। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पुरानी रंजिश से जुड़े मामलों को जोड़ते हुए भाजपा नेता व सरपंच पति बादूलाल आचार्य, दोनों बेटों गोपाल आचार्य, अक्षय आचार्य और उनके साथी मनीष को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने रात करीब 2 बजे उनको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए गोपाल, अक्षय और मनीष ने भागने का प्रयास भी किया। इस दौरान तीनों के पैर फ्रैक्चर हो गए। तीनों को घायल हालत में रविवार को इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उनके पैरों पर प्लास्टर करवाया गया। पहले भी हमला करने की फिराक में थे
प्रारंभिक पूछताछ में गोपाल और अक्षय ने बताया कि हरफूल ने सबके सामने उनके पिता बादूलाल आचार्य को थप्पड़ मारा था। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। शनिवार से पहले भी वे बदला लेने की फिराक में थे, लेकिन हरफूल बार-बार बच जाता था। उन्होंने शनिवार को बदला लेने की प्लानिंग की। बीच बाजार में जब उन्हें हरफूल नजर आया तो वे उसे मारने के लिए दौड़े। बीच-बचाव में लोगों के आने पर वह उसे घायल हालत में छोड़कर भाग निकले। भाजपा नेता को 3 महीने पहले मारा था थप्पड़
भीलवाड़ा में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला संयोजक और सरपंच पति बादूलाल आचार्य 2 जुलाई को तेज बारिश के बाद क्षेत्र का निरीक्षण करने हलेड़ गांव गए थे। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता हरफूल जाट (पूर्व सरपंच) ने पहले तो बादूलाल आचार्य को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उसके बाद बादूलाल को थप्पड़ मार दिया था। वहां मौजूद भीड़ ने भी बादूलाल की जमकर पिटाई कर दी थी। पिटाई का वीडियो भी सामने आया था। बादूलाल के बेटे गोपाल ने सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया था कि 2 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे हलेड़ गांव में बारिश का पानी भरने पर ग्रामीणों ने फोन किया था। सरपंच पति बादूलाल आचार्य LDC मोहित पाराशर को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। जेसीबी बुलाकर पानी निकासी का काम शुरू करवाया। मौके पर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भगवतीलाल जीनगर भी पहुंचे थे। शाम करीब साढ़े 5 बजे पूर्व सरपंच हरफूल जाट का फोन आया था कि इलाके में पानी भर गया है। इस पर VDO ने कहा कि हम मौके पर काम कर रहे हैं। शाम करीब 6:30 बजे हरफूल अन्य लोगों के साथ वहां आ गया। इनमें से एक व्यक्ति के पास चाकू भी था। हरफूल और अन्य लोगों ने गाली-गलौज कर बादूलाल से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने VDO भगवतीलाल से भी मारपीट की। उनके कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने करवाया मौका-मुआयना
पुलिस आरोपी गोपाल आचार्य, अक्षय आचार्य और उनके साथी मनीष को घटना स्थल पर लेकर पहुंची और मौका-मुआयना करवाया। कल तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं इससे पूर्व भाजपा नेता व सरपंच पति बादूलाल आचार्य को आज कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आरोपियों की परेड को फर्जी बताया। कांग्रेस नेता महेश सोनी और दुर्गेश शर्मा ने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुख्ता कार्रवाई नहीं की तो राज्यभर में प्रदर्शन किया। ……………. ये खबर भी पढ़ें…
1. भीलवाड़ा में बीच बाजार कांग्रेस नेता पर फायरिंग, VIDEO: भीलवाड़ा के मेन मार्केट में बदमाशों ने पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता हरफूल जाट पर फायरिंग कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. भाजपा नेता को कांग्रेसी नेता ने थप्पड़ जड़ा, VIDEO:मकानों में बारिश का पानी भरने को लेकर कहासुनी हुई थी, ग्रामीण भी टूट पड़े भीलवाड़ा में भाजपा नेता व सरपंच पति के साथ कांग्रेस नेता और ग्रामीणों ने जमकर मारपीट की। भाजपा नेता बादूलाल आचार्य बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद क्षेत्र का निरीक्षण करने गए थे। मामला भीलवाड़ा के पास हलेड़ गांव का है। (पढ़ें पूरी खबर)