बीकानेर में दो ट्रकों भिड़ंत के बाद आग लग गई। केबिन में फंसे एक ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि उसे बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। धड़ का केवल कुछ हिस्सा और पैरों के ऊपर का थोड़ा भाग ही सुरक्षित बचा, जबकि बाकी शरीर पूरी तरह जल गया। वहीं दोनों ट्रक जलकर कबाड़ हो गए। हादसे में दो लोग घायल हो गए। हादसा बीकानेर-लूणकरणसर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-62) पर जामसर थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 1 बजे हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ASI रामकेश मीणा ने बताया – सोमवार देर रात करीब एक बजे दो ट्रकों की टक्कर की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। दोनों ट्रकों में आग लगी हुई थी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और आग बुझाने के प्रयास किए गए। ड्राइवर ट्रक में जिंदा जला, दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया SI विजय ने बताया – हादसे में ट्रक ड्राइवर संदीप जयंत (36) पुत्र नरेश जयंत निवासी चौरा, थाना नानोता देहात, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) की जिंदा जलकर मौत हो गई। टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से भड़की कि केबिन में फंसे संदीप को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। उनका शव बुरी तरह जल गया। उन्होंने बताया कि संदीप के साथ ट्रक में मौजूद मोहम्मद इफहीम (40) पुत्र मोहम्मद इब्राहिम निवासी बिलोचियान, थाना गढ़ी पुख्ता रूरल, शामली (उत्तर प्रदेश) ने समय रहते ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं दूसरे ट्रक में सवार दिनेश विश्नोई (33) पुत्र सहीराम विश्नोई निवासी जेडी मगरा, थाना पांचू (बीकानेर) भी हादसे में घायल हो गया। दोनों घायलों को पहले लूणकरणसर के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। बाद में दिनेश बिश्नोई और दूसरे घायल को पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक ट्रक पूरी तरह जला, दूसरे को काफी मशक्कत के बाद बचाया फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी देर तक आग बुझाने का प्रयास किया। हादसे में एक ट्रक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि दूसरे ट्रक के कुछ हिस्से को आग से बचा लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। आग पर काबू पाने और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सुचारु कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। कंटेंट : गणेश रांकावत, बीकानेर