राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती (चपरासी भर्ती) परीक्षा का रिवाइज्ड (संशोधित) रिजल्ट सोमवार को कर्मचारी चयन बोर्ड ने जारी कर दिया है। भर्ती के लिए पिछले साल 19 से 21 सितंबर तक परीक्षा का आयोजन किया गया था। हालांकि, किस उम्मीदवार को कौन सा विभाग या जिला आवंटित हुआ है, इसकी सूची (शीट) 30 जून को जारी की जाएगी। यह रिजल्ट चार अलग-अलग शीट में जारी किया गया है, जिसमें रोल नंबर के अनुसार अभ्यर्थियों का विवरण दिया गया है। चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान करते हुए चयनित उम्मीदवारों को बधाई दी है। आलोक राज ने बताया- कोर्ट के आदेश की अनुपालना में लगभग 5,750 अभ्यर्थियों का रिजल्ट होल्ड (रोक) पर रखते हुए, बाकी करीब 48,000 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया गया है। 24 लाख से ज्यादा आए थे आवेदन भर्ती के लिए कुल 24 लाख 71 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 21.17 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। इस परीक्षा में सफल होने वाले 53,749 उम्मीदवारों को नौकरी दी जाएगी।
