जोधपुर में शनिवार को सूरसागर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फीडबैक कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता आमने-सामने हो गए। ‘वन टू वन’ मीटिंग के लिए नाम लिखने को लेकर वरिष्ठ नेता प्रीतम शर्मा और राजेश रामदेव के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों ने एक- दूसरे पर कई आरोप लगाए। दरअसल, कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जोधपुर में नए जिलाध्यक्ष चयन की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन आज कांग्रेस पर्यवेक्षक सुशांत मिश्रा के सामने ही पार्टी के दोनों नेता आपस में उलझ पड़े। दोनों नेता एक- दूसरे पर चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद दूसरे नेताओं को बीच- बचाव करना पड़ा। इसके बाद जब बैठक शुरू हुई तो सूरसागर से प्रत्याशी रहे शहजाद खान ने कहा कि हमारे यहां एक लाइन का प्रस्ताव रखने की परंपरा रही है। इस परंपरा को जारी रखते हुए जिलाध्यक्ष का चयन आलाकमान पर छोड़ देना चाहिए। इस प्रस्ताव का सचिन पायलट समर्थक राजेश सारस्वत और राजेश मेहता ने विरोध किया और पारदर्शी चुनाव की मांग रखी। इससे बैठक का माहौल गरमा गया। साथ ही पार्टी में चल रहे आंतरिक मतभेदों और अनुशासनहीनता को भी उजागर कर दिया।
