भीलवाड़ा के मेन मार्केट में बदमाशों ने पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता हरफूल जाट पर फायरिंग कर दी। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। मामला शहर के सरकारी दरवाजा में शनिवार शाम करीब 7 बजे का है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने तलवार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल पूर्व सरपंच को इलाज लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने के बाद एसपी धर्मेंद्र सिंह, सीओ सिटी मनीष बड़गुर्जर ओर कोतवाल गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक तलवार और लाठी भी रिकवर की है। पहले देखिए… घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें किराना दुकान के सामने फायरिंग की
मौके पर मौजूद दुकानदार वैभव काबरा ने बताया कि हलैड गांव के पूर्व सरपंच हरफूल जाट अपनी एक्टिवा पर बाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सरकारी दरवाजे के पास से 2 लोग उनके पीछे भागते हुए आए। दोनों में से एक युवक ने गमछे में तलवार को छिपा रखा था। दोनों ने हरफूल पर हमला कर दिया। इसी दौरान हरफूल सरकारी दरवाजे पर स्थित उनकी किराना स्टोर के सामने गिर पड़े। दोनों बदमाशों ने उन पर लाठी और सरिय से वार किया। इसी बीच एक ने तलवार से मारने की कोशिश की, जिसे हरफूल ने अपने हाथ से रोका, जिसमें उनका हाथ जख्मी हो गया। मारपीट को देख दुकानदार बाहर निकला और मौजूद लोगों ने बीच- बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान एक बदमाश ने फायरिंग की, जिससे वे बाल-बाल बचे। हमले में हाथ, पैर सहित कई जगहों पर चोटें आई है। भीड़ को देख दोनों बदमाश मौके से भाग निकले। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हमले में घायल हरफूल को इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में जांच टीम गठित कर दी है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सरपंच पति से जमीन को लेकर चल रहा विवाद
जानकारी के अनुसार- पूर्व सरपंच हरफूल जाट का वर्तमान सरपंच पति और भाजपा नेता बालूलाल आचार्य से विवाद चल रहा है। इससे पहले भी दोनों के बीच में कई बार झड़प हो चुकी है। हरफूल के समर्थकों ने बालूलाल आचार्य पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। दोनों के बीच जमीनों के पट्टे को लेकर विवाद बताया गया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
