मोहाली जिले के जीरकपुर के बलटाना क्षेत्र में एक कबाड़ी की दुकान में चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने पुलिस चौकी वाली सड़क पर स्थित दुकान का शटर तोड़कर लगभग 90 हजार रुपए का कॉपर और ब्रास का सामान चुरा लिया। यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। दुकान मालिक रोशन लाल के अनुसार, उनकी दुकान “दीपक पेपर स्टोर” शुक्रवार रात को बंद थी। शनिवार सुबह करीब चार बजे पड़ोसी ने उन्हें फोन पर शटर टूटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का शटर पूरी तरह उखाड़ दिया गया था और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। लोगों ने की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग सूचना मिलते ही बलटाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनका सुराग मिल सके। स्थानीय दुकानदारों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
