केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर में बीकानेर-साबरमती रेगुलर ट्रेन को रवाना किया। उन्होंने कहा- जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं, हमें अपना काम करने दो। केंद्र सरकार राजनीति के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा कर रही है। मंत्री ने कहा कि बॉर्डर एरिया को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से काम चल रहा है। देश की सीमाओं तक रेल सेवा पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल सेवा शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। बीकानेर-अहमदाबाद के बीच रोज चलेगी ट्रेन अश्विनी वैष्णव ने कहा – लंबे समय से बीकानेर को अहमदाबाद से जोड़ने की मांग की जा रही थी। अब बीकानेर से साबरमती के लिए प्रतिदिन रेल सेवा शुरू की गई है। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि बीकानेर, नोखा, नागौर, जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अहमदाबाद तक सीधी सुविधा मिलेगी। कांग्रेस पर निशाना, बोले- 60 साल और 12 साल के काम की तुलना करें अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने 60 वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा देखना चाहिए और मोदी सरकार के 12 वर्षों के काम की तुलना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान को रेलवे विकास के लिए पर्याप्त बजट नहीं मिलता था। दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में राजस्थान में जितनी रेल पटरियां बिछी हैं, उतनी पिछले 60 वर्षों में भी नहीं बिछी थीं। रेलवे विस्तार, विद्युतीकरण और नई रेल लाइनों के निर्माण से प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है। युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर, भारत बन रहा आत्मनिर्भर रेल मंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब देश खुद सेमीकंडक्टर चिप बना रहा है। भारत रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश बन रहा है। रेलवे भी अब इंजन निर्यात कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारत से करीब 150 रेल इंजन निर्यात किए जा रहे हैं। योग को दुनिया तक पहुंचाने में मोदी का योगदान: वैष्णव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में रेल मंत्री ने बीकानेर में सुबह योग किया। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल भी साथ रहे। मंत्री ने कहा – जिस तरह स्वामी विवेकानंद ने विदेशों में भारत की पहचान मजबूत की थी, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई है। उनके प्रयासों से योग आज पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है।