राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को 4 साल बाद नया चेयरमैन मिला है। शिक्षा विभाग ने शनिवार को हनुमान सिंह राठौड़ को नया बोर्ड अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना जारी की। इनका कार्यकाल तीन साल के लिए होगा। हनुमान सिंह राठौड़ अजमेर जिले के पीसांगन के रहने वाले हैं। वर्तमान में शहर के भुनाबाई क्षेत्र में रहते हैं। सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल से रिटायर्ड हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। REET पेपर लीक मामले को लेकर जनवरी 2022 में सरकार ने बोर्ड के अध्यक्ष डी.पी. जारोली को बर्खास्त कर दिया था। उसके बाद से बोर्ड चेयरमैन के पद पर कोई नियुक्ति नहीं की गई। 131 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी SOG ने REET पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी रामकृपाल मीणा और प्रदीप पाराशर सहित 131 आरोपियों को अरेस्ट किया था। रामकृपाल की गिरफ्तारी के बाद SOG ने ED को कार्रवाई के लिए फाइल भेजी थी। ईडी ने सितम्बर 2024 में रामकृपाल और प्रदीप पाराशर के चार बैंक खातों को फ्रीज किए थे।