बनास नदी में बिना अनुमति पाइप डालकर रास्ता बनाने और बहते पानी में बजरी खनन करने के मामले में खनिज विभाग ने आकोला के लीजधारक महादेव एंक्लेव प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने लीजधारक से पूछा है कि बहते पानी के दौरान बजरी का दोहन, पिलर न लगाना और नदी में 14 पाइप डालकर अस्थायी रास्ता बनाने जैसी गतिविधियां किस अनुमति से की। विभाग ने शुक्रवार शाम को मामले की संयुक्त जांच रिपोर्ट कलक्टर को सौंप दी, जिस पर कलक्टर ने अधिकारियों को कानून की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने शुक्रवार के अंक में बजरी निकालने के लिए बनाई अस्थाई पुलिया शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। उसके बाद प्रशासन हरकत में आया।