टोंक में सिर कटी लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 70 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या पड़ोस में रहने वाली 58 साल की महिला ने की थी। वह 25 लाख के कर्ज में थी। महिला को गहने पहने देखकर हत्या की साजिश रची। उसे एक दिन चाय पीने के लिए बुलाया और कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पहले गला फिर हाथ-पैर के पंजे काटे। शव बोरे में भरकर कचरे के ढेर पर फेंक आई। मामला मेहंदवास थाना इलाके के लवादर गांव का 11 जून की देर रात का था। मामले में पुलिस ने 17 जून को इसका खुलासा कर दिया। एसपी रोशन मीना ने बताया- लवादर गांव निवासी हरबाई (70) पत्नी केसरा गुर्जर की हत्या के आरोप में उनकी पड़ोसी महिला रसाल देवी (58) पत्नी आत्माराम वैष्णव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या के लिए उपयोग में ली गई कुल्हाड़ी और गहने बरामद कर लिए। पहले पढ़िए क्या था मामला हरबाई और रसाल अकेले रहते थे मामले को लेकर एसपी रोशन मीना ने बताया- हत्या के खुलासे को लेकर एक डीएसटी टीम, एक मेहंदवास थाने की टीम और दो ASP समेत 10 थाने के SHO की टीम बनाई गई। इस टीम ने गांव खेत और अलग-अलग इलाकों में सर्च अभियान चलाया। गुजरात तक तलाश की गई। फेरी वालों और संदिग्ध लोगों को डिटेन कर पूछताछ की गई। महिला अकेली रहती थी इसके चलते लूट का अंदेशा था और किसी करीबी के शामिल होने की आशंका थी। इसके बाद पड़ोस में रहने वाली रसाल पर शक हुआ, वह भी अकेली रहती थी। उससे पूछताछ की तो महिला ने सच उगल दिया। अब समझिए हत्या की पूरी कहानी 25 लाख का कर्ज था पूछताछ में सामने आया कि हरबाई अपनी झोपड़ी में अकेली रहती थी। उसके पास ही रसाल का घर था। हरबाई का गांव में कई लोगों के यहां आना-जाना था। रसाल पर 25 लाख का कर्ज था, ऐसे में उसकी नजर हरबाई के चांदी के कड़ों पर थी। चाय पीने अंदर बुला लिया पूछताछ में रसाल ने बताया- 9 जून को हरबाई रसाल के घर के बाहर से गुजर रही थी। प्लानिंग के तहत रसाल ने हरबाई को घर के अंदर चाय पीने के लिए बुला लिया। मौका देखकर हरबाई के सिर में कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से सिर पर वार किया। हरबाई बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। रसाल ने पहले हरबाई का गला काटा फिर उसके हाथ और पैर के पंजे काटकर कड़े निकाल लिए। लाश के टुकड़े करके कट्टों में भर लिया। इसके बाद 11 जून की रात को लाश को गांव में कचरे के ढेर के पास फेंक आई। आरोपी महिला पर 25 लाख रुपए कर्ज रसाल के पति आत्माराम की 10 साल पहले मौत हो चुकी है। वह प्रॉपर्टी का काम करता था। मौत के बाद वह 10 लाख का कर्ज छोड़ गया था। रसाल के तीन बेटे हैं। बड़े की शादी में 5 लाख का कर्ज था। वहीं कुछ साल पहले एक बेटे का भी एक्सीडेंट हो गया था, उसमें 5 लाख और लग गए। वहीं कर्ज चुकाने और अन्य खर्चों के लिए रसाल ने परिजनों से 5 लाख उधार लिए थे। कुल 25 लाख उसे अलग-अलग लोगों को चुकाने थे। ऐसे में, रसाल ने हत्या की साजिश रची। हत्या से जुड़ी खबर भी पढ़ें… महिला की हत्या, कट्टों में भरकर फेंके शव के टुकड़े:शरीर के कई हिस्से खा गए कुत्ते, बदबू आने पर ग्रामीणों को पता चला; ज्वेलरी मिली टोंक जिले के लवादर गांव में 4 कट्टों में बुजुर्ग महिला का आधा कटा शव मिला। सिर धड़ से अलग था और हाथ-पैर के पंजे कटे हुए थे। शव के कई हिस्से कुत्ते नोचकर खा गए। (पढ़ें पूरी खबर)