जलालाबाद के देवी दुआरा इलाके में कपड़ा व्यापारी की दुकान में आग लगाने की घटना में गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने इसको लेकर बैठक कर फैसला लिया है कि आरोपियों की गिरफ्तार न होने पर जलालाबाद शहर को बंद किया जाएगा। साथ ही सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया जाएगा। कुछ दिन पहले देवी दुआरा इलाके में व्यापारी अंकुश की दुकान में आग लगा दी गई। चौकीदार के मुताबिक दो युवक बाइक पर आए। दोनों के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। उन्होंने पेट्रोल छिड़क कर दुकान में आग लगा दी। इसको लेकर पुलिस में शिकायत दी गई। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। व्यापारियों के साथ बढ़ रहे अपराध जलालाबाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष बब्बू डोडा ने बताया कि लगातार व्यापारियों के साथ मारपीट और आपराधिक घटनाएं हो रहीं हैं। अब उनके साथी अंकुश की दुकान को आग लगा दी गई। इससे वर्षों से कमाई पूंजी बर्बाद हो गई । इस मामले पर उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर आरोपी नहीं पकड़े गए तो कल से जलालाबाद शहर व्यापार मंडल द्वारा बंद करवा दिया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही: डीएसपी जलालाबाद के डीएसपी जितेंद्र सिंह गिल का कहना है कि मामले में टीमों को एक्टिव किया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है । उनका कहना है कि जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।