बरनाला जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूटी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। लेकिन पिता और चाचा के बयान पर युवक की मौत को पुलिस ने हत्या का मामला माना है। आरोप है कि एक स्कूटी सवार ने जानबूझकर अपनी गाड़ी आगे चल रहे मोटरसाइकिल से टकरा दी, जिससे बाइक सवार युवक की जान चली गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिता और चाचा के सामने हुआ हादसा गांव दराज के रहने वाले जगसीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा गुरप्रीत सिंह मोटरसाइकिल पर आगे जा रहा था। जगसीर सिंह और उनके भाई (मृतक के चाचा) जगराज सिंह दूसरे मोटरसाइकिल पर उसके पीछे-पीछे आ रहे थे। जब वे खुड्डी से बरनाला रोड पर पीरखाना के पास पहुंचे, तो गुरप्रीत के आगे एक्टिवा स्कूटी पर जा रहे परमिंदर सिंह उर्फ राजू (निवासी ठुल्लीवाल) ने अचानक और कथित तौर पर जानबूझकर अपनी स्कूटरी सड़क की सफेद पट्टी की तरफ मोड़ दी और गुरप्रीत की बाइक में टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट आने से तोड़ा दम इस टक्कर के कारण गुरप्रीत का मोटरसाइकिल से नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क पर बेहद बुरी तरह गिर गया। हादसे में गुरप्रीत के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीछे आ रहे परिजन उसे तुरंत संभालते हुए सिविल अस्पताल बरनाला लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा नहीं, सोची-समझी साजिश का आरोप मृतक के परिवार का साफ कहना है कि यह कोई आम सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि जानबूझकर गुरप्रीत को नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया हमला था। थाना सिटी-1 बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह का कहना है कि पुलिस ने मृतक के पिता जगसीर सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी परमिंदर सिंह उर्फ राजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।